भारत
बेटे के सिर पर सेहरा, आंखों में आंसू, पिता के अंतिम संस्कार के बाद दूल्हा बना बेटा
jantaserishta.com
7 May 2026 9:33 AM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बेटे की बारात निकलने से कुछ घंटे पहले ही पिता की मौत हो गई. बेटे ने पहले पिता को मुखाग्नि दी और फिर उनका सपना पूरा करने के लिए दूल्हा बनकर सादगी से बारात लेकर रवाना हुआ. घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया.
आपको बता दें कि मोहनलालगंज के निगोहां गांव निवासी किसान भाई लाल अपने बेटे रिंकू कश्यप की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. रिश्तेदारों और मेहमानों की आवाजाही से घर में रौनक थी. पिता ने बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए खास इंतजाम किए थे. लेकिन सोमवार को अचानक भाई लाल की तबीयत बिगड़ गई.
परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत गंभीर बनी रही. मंगलवार सुबह, जिस दिन बेटे की बारात जानी थी, उसी दिन भाई लाल ने दम तोड़ दिया. पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. जिस घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहां मातम छा गया. बेटे रिंकू के सामने एक तरफ पिता को अंतिम विदाई देने की जिम्मेदारी थी, तो दूसरी तरफ पिता के सपने को पूरा करने का सवाल.
मंगलवार शाम को रिंकू ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी. अंतिम संस्कार के बाद परिवार और गांव के बुजुर्गों ने निर्णय लिया कि शादी की रस्में सादगी के साथ पूरी कराई जाएंगी. इसके बाद रिंकू रात करीब 8 बजे चंद बारातियों के साथ बिना बैंड-बाजे और डीजे के रायबरेली के बंका गढ़ के लिए रवाना हुआ. लड़की पक्ष को घटना की जानकारी मिली तो वहां भी माहौल गमगीन हो गया. दोनों परिवारों ने सादगी और खामोशी के बीच विवाह की रस्में पूरी कराईं. बुधवार सुबह रिंकू अपनी दुल्हन को लेकर घर पहुंचा. नई बहू का गृह प्रवेश तो हुआ, लेकिन पूरे घर में पिता की कमी साफ महसूस हो रही थी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





