
x
मंच पर संबोधन से पहले मांझी पर फेंका गया पत्थर
Bihar बिहार: गया जिले में शुक्रवार शाम केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा प्रमुख जीतन राम मांझी पर एक कार्यक्रम के दौरान पत्थर फेंकने की घटना सामने आई। यह घटना खिजरसराय प्रखंड के सीसवर स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में हुई, जहां वे एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पहले मंत्री को सम्मानित किया गया। इसके बाद जैसे ही वे मंच से लोगों को संबोधित करने के लिए आगे बढ़े, तभी बाहर से किसी ने पत्थर फेंक दिया। यह पत्थर उनके पीछे खड़े सुरक्षा कर्मी को जा लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
घटना में जीतन राम मांझी सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पत्थरबाजी के पीछे क्या कारण था और इसमें और कौन लोग शामिल हो सकते हैं। इससे पहले भी हाल के दिनों में उनके परिवार से जुड़े काफिले पर हमला और धमकी देने के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Next Story





