
x
बोलेरो सवार विश्राम जाट की मौत
Jaipur जयपुर: ग्रामीण क्षेत्र में रविवार देर शाम तेज रफ्तार निजी बस ने बोलेरो, एम्बुलेंस और एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 16 लोग घायल हो गए। दुर्घटना जोबनेर-रेनवाल हाईवे पर भोजपुरा स्टैंड के पास शाम करीब 6:45 बजे हुई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एएसआई मदनलाल के अनुसार, मृतक की पहचान दूदू के लातेड़िया निवासी विश्राम जाट (35), पुत्र भूराराम जाट के रूप में हुई है। उनके साथ बोलेरो में दो अन्य लोग भी सवार थे, जो घायल हो गए। विश्राम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
एसआई लक्ष्मण ने बताया कि निजी कंपनी की बस यात्रियों को लेकर जयपुर से दांतारामगढ़ जा रही थी। भोजपुरा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार बस की सामने से आ रही बोलेरो से भिड़ंत हो गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर एम्बुलेंस और एक कार से टकरा गई। तीनों वाहनों को चपेट में लेने के बाद क्षतिग्रस्त बस रुक गई। जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि टक्कर से बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस में मौजूद यात्रियों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बाहर निकाला गया।
पुलिस ने रेनवाल और जोबनेर अस्पतालों की एम्बुलेंस मौके पर बुलाईं। इसके बाद करीब 16 घायलों को उपचार के लिए दोनों अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर होने से यातायात प्रभावित हुआ। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया। एएसआई मदनलाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस में महाराष्ट्र का एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति सवार था। वह खाटूश्यामजी के दर्शन करने आया था और दर्शन के बाद एम्बुलेंस से महाराष्ट्र लौट रहा था। इसी दौरान एम्बुलेंस हादसे की चपेट में आ गई।
पुलिस के मुताबिक, एम्बुलेंस में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना में बोलेरो सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हुई। पुलिस ने मौके पर बचाव कार्य पूरा कराने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने की कार्रवाई की।
Next Story





