भारत
दौराला में ‘शोले’ जैसा ड्रामा, प्रेमी से शादी की जिद पर युवती चढ़ी बिजली के टावर पर
Shantanu Roy
26 Dec 2025 3:22 PM IST

x
देखें VIDEO...
Uttar Pradesh. उत्तर प्रदेश। मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गांव में उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद पर बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गई। करीब छह घंटे तक चले इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। युवती ने साफ चेतावनी दी कि यदि उसे जबरन नीचे उतारने की कोशिश की गई तो वह टावर से कूद जाएगी या करंट की रेंज में और ऊपर चढ़ जाएगी। आखिरकार दोपहर करीब 12 बजे प्रेमी के मौके पर पहुंचने के बाद ही युवती टावर से नीचे उतरी, जिसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। यह पूरा मामला साल 1975 में आई सुपरहिट फिल्म शोले के मशहूर सीन की याद दिलाता है, जिसमें बसंती से शादी के लिए वीरू पानी की टंकी पर चढ़ जाता है। फर्क सिर्फ इतना था कि दौराला के मवीमीरा गांव में बसंती बनी युवती खुद टावर पर चढ़ गई और वीरू बने प्रेमी को नीचे बुलाने की शर्त रख दी।
बॉलीवुड के “वीरू” अंदाज़ में युवती काजल का ड्रामा। बिजली के ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ी युवती काजल, युवक सोनू से शादी करने की जिद।
— ᴋᴀᴘɪʟ ɢᴏᴜʀ (@GaurBulandshahr) December 26, 2025
काजल बोली, “शादी कराओ, नहीं तो नीचे नहीं उतरूंगी।” यूपी के जिला मेरठ का मामला। पुलिस और भारी भीड़ मौके पर मौजूद.. pic.twitter.com/twWXnAcGci
सोशल मीडिया से शुरू हुआ प्यार
जानकारी के अनुसार, दौराला क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की कुछ महीने पहले लावड़ निवासी युवक से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने का फैसला कर लिया। इस दौरान वे लावड़ में एक-दो बार कैफे में भी मिले थे। जब इस रिश्ते की जानकारी दोनों पक्षों के परिजनों को हुई, तो मामला बिगड़ गया। दोनों अलग-अलग बिरादरी से थे, जिस कारण युवक के पिता ने शादी से साफ इनकार कर दिया। 9 दिसंबर को बिरादरी के कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों परिवारों के बीच पंचायतनुमा बैठक भी हुई, जिसमें शादी नहीं कराने पर सहमति बनी। बताया गया कि इस दौरान युवक के पिता ने युवती के परिजनों को 50 हजार रुपये भी दिए थे, ताकि मामला शांत हो जाए।
सुबह घने कोहरे में टावर पर चढ़ी युवती
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे, जब इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, युवती अचानक गांव के पास लगे बिजली के टावर पर चढ़ गई। कोहरे के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। करीब 10 बजे के बाद जब कोहरा छंटा, तब ग्रामीणों की नजर टावर पर चढ़ी युवती पर पड़ी। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत युवती के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों, पुलिस और ग्रामीणों ने युवती को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। युवती का कहना था कि वह सिर्फ अपने प्रेमी से ही शादी करेगी और जब तक प्रेमी सामने नहीं आएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।
कूदने की धमकी से सभी रहे सहमे
स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई, जब युवती ने चेतावनी दी कि अगर किसी ने जबरन उसे नीचे उतारने की कोशिश की तो वह टावर से छलांग लगा देगी या करंट की रेंज में और ऊपर चढ़ जाएगी। बिजली के टावर पर चढ़ी युवती को देखकर पुलिस और ग्रामीण भी कोई जोखिम उठाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। प्रेमी के पिता भी मौके पर पहुंचे, लेकिन युवती ने उनकी भी एक न सुनी। करीब छह घंटे तक यह तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। गांव में लोग जमा होते गए और हर किसी की निगाहें टावर पर टिकी रहीं। पुलिस लगातार युवती को शांत करने और नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश करती रही।
प्रेमी के आते ही उतरी युवती
आखिरकार दोपहर करीब 12 बजे युवती का प्रेमी मौके पर पहुंचा। प्रेमी को देखते ही युवती का रुख बदला और कुछ देर बातचीत के बाद वह टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि दोनों को थाने में काउंसिलिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि युवती अभी भी अपने प्रेमी से ही शादी करने की जिद पर अड़ी है। पुलिस पूरे मामले को संवेदनशीलता से संभाल रही है और दोनों परिवारों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सामाजिक बंधन, बिरादरी का दबाव और पारिवारिक असहमति किस तरह युवाओं को खतरनाक कदम उठाने के लिए मजबूर कर देती है।
Tagsदौराला मामलाबिजली टावर पर युवतीप्रेम विवाह विवादशोले जैसा ड्रामामेरठ समाचारअलग बिरादरी शादीप्रेमी से शादी की जिदसोशल मीडिया प्यारमवीमीरा गांवलावड़ निवासी युवकपुलिस काउंसिलिंगछह घंटे हाईवोल्टेज ड्रामाटावर से कूदने की धमकीसीओ दौराला बयानग्रामीणों में हड़कंपप्रेम प्रसंगपारिवारिक विरोधउत्तर प्रदेश खबरपुलिस कार्रवाईसमाजिक दबावDaurala casegirl on electricity towerlove marriage disputeSholay like dramaMeerut newsinter-caste marriageinsistence on marrying loversocial media loveMavimira villageLavad resident youthpolice counsellingsix hours high voltage dramathreat to jump from towerCO Daurala statementpanic among villagerslove affairfamily oppositionUttar Pradesh newspolice actionsocial pressure
Next Story





