भारत
पीतल कारोबारी के घर में हुई डकैती की घटना, घर की बेटी ने दिया धोखा
jantaserishta.com
15 May 2026 9:34 AM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
मुरादाबाद: मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड में 11 मई की सुबह करीब चार बजे एक पीतल कारोबारी के घर बड़ी डकैती हुई थी. अब खुलासा हुआ है कि कारोबारी मोहम्मद इमरान की बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद वारसी और उसके तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. अलग जाति होने के कारण शादी में आ रही बाधा को दूर करने और नई जिंदगी शुरू करने के लिए आरोपियों ने सवा करोड़ रुपये की लूट की योजना बनाई. अरीबा ने पहले ही घर की चाबियां प्रेमी को सौंप दी थीं और वारदात के वक्त डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को अंदर दाखिल करवाया.
कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन यहां प्यार ने अपनों का ही गला काट दिया. पीतल कारोबारी की बेटी अरीबा और अमरोहा के अरशद वारसी के बीच पिछले सात-आठ साल से इश्क का परवान चढ़ रहा था. शादी की राह में जाति की दीवार खड़ी हुई, तो दोनों ने दौलत के दम पर उस दीवार को गिराने का फैसला किया.
अरीबा को घर की पाई-पाई की खबर थी. उसने प्रेमी को बताया कि घर में भारी मात्रा में कैश रखा है, जिसके बाद लालच और इश्क का ऐसा कॉकटेल बना कि बेटी ने ही अपने पिता के घर में डाका डलवा दिया.
यह डकैती महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक महीने से बुना जा रहा जाल था. अरीबा ने बड़ी ही चतुराई से एक महीने पहले ही घर के मुख्य गेट की चाबी अरशद को थमा दी थी. 11 मई की सुबह जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब अरीबा ने अंदर से डिजिटल लॉक खोलकर अपने ही घर के दरवाजे दुश्मनों के लिए खोल दिए. बदमाश तमंचे लहराते हुए अंदर घुसे और परिवार को बंधक बना लिया. जाते समय वे न केवल सवा करोड़ का कैश ले गए, बल्कि सुराग मिटाने के लिए सीसीटीवी का DVR भी उखाड़ ले गए.
मुरादाबाद पुलिस के लिए यह मामला साख का सवाल बन गया था. एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में चार टीमों ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कड़ियां जोड़ीं, तो शक की सुई घर के अंदर ही टिकी. अरीबा, उसके प्रेमी अरशद और तीन अन्य साथियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस काले खेल का अंत हुआ. पुलिस ने इनके पास से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, चार तमंचे, पांच मोबाइल और दो कारें बरामद की हैं. फिलहाल पुलिस बाकी की रकम और अन्य फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





