
x
वायरल CCTV वीडियो
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिनदहाड़े गुंडागर्दी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर करीब आधा दर्जन हमलावरों ने एक युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। लोग अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाते रहे।
यह घटना बड़ौत कोतवाली क्षेत्र की है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक अपनी गाड़ी से उतरता है। इसी दौरान लाठी-डंडों से लैस करीब आधा दर्जन लोग उसे घेर लेते हैं। युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही हमलावर उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर देते हैं।
हमले के दौरान युवक जमीन पर गिर जाता है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे पीटते रहते हैं। इसके बाद हमलावर गंभीर रूप से घायल युवक को मौके पर छोड़कर फरार हो जाते हैं। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ सेकंड पहले ही वहां से एक पुलिस जीप भी गुजरी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, वायरल वीडियो सोमवार दोपहर का है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल घटना के संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कर रही है।
Next Story





