
x
गमले ठीक करते समय हुआ हादसा
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में भाई दूज से पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी को मायके जाने के लिए बस में बैठाकर लौटे 35 वर्षीय रेलकर्मी दीपक कुमार की छत से गिरकर मौत हो गई। वह छत पर रखे पौधों के गमले व्यवस्थित कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से नीचे सड़क पर गिर पड़े। हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर-9 स्थित न्यू कछियाना मोहल्ले की है। मंगलवार शाम करीब चार बजे दीपक अपने मकान की छत पर गमले ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह नीचे गिर गए। परिजन उन्हें गंभीर हालत में रेलवे अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
दीपक के बड़े भाई भानु प्रताप के मुताबिक, वह रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और ट्रॉली मैन के रूप में काम करते थे। दीपावली की छुट्टियों में घर पर थे। बुधवार को भाई दूज होने के कारण मंगलवार दोपहर उन्होंने पत्नी आरती को बंगरा जाने वाली बस में बैठाया था, ताकि वह मायके पहुंचकर अपने भाई का तिलक कर सकें। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पहले छत से एक गमला सड़क पर गिरता दिखाई देता है। इसके कुछ ही पलों बाद दीपक भी नीचे गिर जाते हैं। जानकारी के अनुसार, उनका मकान एक मंजिला है और छत के चारों तरफ सुरक्षा के लिए बाउंड्री नहीं बनी थी। किनारों पर रखे गमलों को व्यवस्थित करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दीपक को वर्ष 2015 में रेलवे में नौकरी मिली थी। वर्ष 2017 में उनकी शादी बंगरा निवासी आरती से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा नृत्यांश सात साल का है, जबकि छोटा बेटा भोला तीन साल का है। दीपक की अचानक मौत से परिवार शोक में है। मायके गई आरती को पति के छत से गिरने और उनकी मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। भाई दूज मनाने के लिए पति से विदा लेकर निकली आरती के लिए यह खबर गहरा सदमा बन गई। दो छोटे बच्चों ने अपने पिता को खो दिया।
Next Story





