
x
गणेश उत्सव में गंदी साजिश का खुलासा
Maharashtra. महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में गणेश उत्सव के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गणेश प्रतिमा के पास अश्लील वीडियो से जुड़े QR कोड लगाने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हर स्कैन पर पैसे कमाने के उद्देश्य से यह काम कर रहे थे। यह घटना वाशिम शहर के काले फाइल इलाके की बताई जा रही है। यहां जय भवानी गणेश उत्सव मंडल की ओर से बड़े पंडाल में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। 18 सितंबर को मंडल के सदस्यों ने गणेश प्रतिमा के पैरों के पास एक QR कोड स्कैनर चिपका हुआ देखा।
जब सदस्यों ने उस QR कोड को स्कैन किया तो वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया, जहां अश्लील वीडियो की लिंक दिखाई दी। इसके बाद मंडल के सदस्यों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पंडाल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में 17 सितंबर की रात करीब 11 बजे तीन युवक बाइक से पंडाल के पास आते दिखाई दिए। इनमें से एक युवक गणेश प्रतिमा के पास बैठकर QR कोड चिपकाता नजर आया।
इसके बाद दूसरा युवक वहां आकर QR कोड को देखता है और फिर तीनों वहां से चले जाते हैं। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस ने जांच के बाद तन्मय मुधाल, युगंदर अफूने और सुबोध नाम के तीन युवकों को हिरासत में लिया। तीनों की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया।
पुलिस उपविभागीय अधिकारी (SDPO) रामेश्वर पवार के अनुसार, आरोपियों ने QR कोड के जरिए लोगों को अश्लील सामग्री वाले टेलीग्राम ग्रुप तक पहुंचाने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, QR कोड स्कैन करने वाले व्यक्ति को ग्रुप में जोड़ा जाता था और आरोपियों को हर स्कैन के बदले 10 से 15 रुपये मिलते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने शहर के एक हनुमान मंदिर और कॉलेज के बाहर भी इसी तरह के QR कोड लगाने की बात बताई है। पुलिस अब इन मामलों की भी जांच कर रही है। वाशिम शहर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत (PCR) में भेज दिया है।पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं और अश्लील लिंक वाले QR कोड का नेटवर्क कितना बड़ा है। मामले की जांच जारी है।
जनता से रिश्ता इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। यह जानकारी जनस्रोतों और सोशल मीडिया माध्यमों से प्राप्त हुई है।
Next Story





