भारत
APG शिमला विश्वविद्यालय में दीपों की जगमगाहट के बीच मनाया गया प्री-दिवाली उत्सव
Shantanu Roy
6 Nov 2026 10:26 PM IST

x
शिमला। रोशनी, उमंग, खुशियों और आपसी भाईचारे का प्रतीक दीपावली का पर्व एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से शुक्रवार को विशेष प्री-दीवाली समारोह एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के समस्त परिवार ने एकजुट होकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। दीपावली के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर को हजारों पारंपरिक मिट्टी के दीयों, ताजे गेंदे और गुलाब के फूलों तथा रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया। विश्वविद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार, प्रशासनिक भवन और शैक्षणिक परिसर दीपों और फूलों की सजावट से जगमगा उठे। शाम होते ही दीयों की रोशनी ने पूरे परिसर को एक सुंदर, दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रबंधन, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने एक साथ पारंपरिक दीप प्रज्वलित किए और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह की विशेष बात यह रही कि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने सभी औपचारिकताओं से परे एक परिवार की तरह मिलकर उत्सव मनाया। सभी की सामूहिक भागीदारी ने एकता, सद्भाव और आपसी सम्मान की भावना को प्रदर्शित किया। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को विशेष दीपावली उपहार एवं मिठाइयां वितरित की गईं। प्रबंधन ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस स्नेहपूर्ण पहल से शिक्षकों और कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली और समारोह की खुशियां दोगुनी हो गईं।
समारोह को और अधिक मनोरंजक एवं यादगार बनाने के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेलों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें स्टैच्यू गेम, स्पून रेस, पास द पार्सल और बैलून ग्लास स्टैकिंग जैसी प्रतियोगिताओं ने उत्सव में रोमांच और उत्साह का रंग भर दिया। इन प्रतियोगिताओं में फैकल्टी सदस्यों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान हंसी-मजाक, उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने खेल गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।
विभिन्न मनोरंजक खेलों के विजेताओं में डॉ. आनंद मोहन शर्मा (डीन एकेडमिक्स), डॉ. ज्योत्सना शर्मा (एसोसिएट डीन – फैकल्टीज), रजत चौहान, पल्लवी, स्वाति, मोनिका, तमन्ना, माधवी, पिया और अनन्या शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों ने समारोह को और भी खास बना दिया। साथ ही, शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी नियमित व्यावसायिक जिम्मेदारियों से हटकर एक-दूसरे के साथ समय बिताने, आपसी संवाद बढ़ाने और खूबसूरत यादें संजोने का अवसर मिला।
समारोह का समापन संगीत, नृत्य, सामूहिक भोज, जलपान और जगमगाते दीयों एवं फूलों से सजे परिसर की खूबसूरत पृष्ठभूमि में यादगार तस्वीरों के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों ने इस उत्सव का भरपूर आनंद लिया। एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में आयोजित यह प्री-दीवाली समारोह केवल रोशनी का त्योहार मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आपसी एकजुटता, सम्मान, सहयोग, सराहना और टीम भावना का भी सुंदर उदाहरण बना। विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सामूहिक भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
Next Story





