
x
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक पुलिस अधिकारी की कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्यक्रम में पहुंचे एक दारोगा ने महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया और विरोध होने पर पिस्टल निकालकर लहराने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष ने आरोपी दारोगा अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डांस कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी स्थित दुर्गा मंदिर के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में दो महिला कलाकार डांस कर रही थीं। इसी दौरान वहां पहुंचे दारोगा अनिल कुमार सिंह पर एक महिला डांसर के साथ बदसलूकी और थप्पड़ मारने का आरोप लगा। महिला कलाकार ने पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
विरोध करने पर पिस्टल लहराने का आरोप
बताया जा रहा है कि महिला डांसर को थप्पड़ मारने की घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग नाराज हो गए। दर्शकों ने पुलिस अधिकारी का विरोध किया और मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान दारोगा ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर लहराई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
वायरल वीडियो के बाद एसपी का एक्शन
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। एसपी मनीष ने पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को कर्तव्य में लापरवाही और अमर्यादित आचरण के आरोप में निलंबित कर दिया। फिलहाल महिला कलाकार के आरोपों और वायरल वीडियो से जुड़े पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं।
Next Story





