भारत

सूअर तीन दिन की मासूम बच्ची को उठा ले गया,सिर और आधा धड़ खा गया

jantaserishta.com
15 Nov 2023 9:36 AM GMT
सूअर तीन दिन की मासूम बच्ची को उठा ले गया,सिर और आधा धड़ खा गया
x

मध्यप्रदेश : बुरहानपुर में मंगलवार देर रात एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। प्रगति नगर एरिया के एक घर में तीन दिन की मासूम बच्ची को सूअर घर से उठाकर ले गया। लोग जब तक मासूम बच्ची को बचा पाते, तब तक सूअर ने उसका सिर सहित आधा धड़ खा लिया।

बताया जा रहा है कि जब मासूम बच्ची की मां बाथरूम इस्तेमाल करने गई थी, उस दौरान बच्ची घर में अकेली थी। तभी क्षेत्र में घूमने वाले सूअरों में से एक ने घर में घुसकर बच्ची को मुंह में दबाकर ले गया। लोग उसके पीछे दौड़े, तब तक देर हो गई थी। अब क्षेत्रवासी नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, कलेक्टर ने सूअरों को शहर से बाहर करने के निर्देश दिए हैं। इधर, मासूम बच्ची के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

बता दें कि प्रगति नगर में समीर पिता सलीम के घर तीन दिन पहले ही बालिका ने जन्म लिया था। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। बालिका को उसकी मां घर में लेटाकर अपने काम कर रही थी। तभी सूअर घर में घुस आया और बालिका को मुंह में दबोच कर नाले में ले गया। कुछ मिनट बाद जब मां वापस लौटी, तो बच्ची वहां नहीं थी। इस पर उसने शोर मचाया। परिजन और पड़ोसी जमा हो गए और बच्ची की तलाश करने लगे। पहले उन्हें लगा कोई कुत्ता बच्ची को उठा ले गया है। लेकिन एक घंटे तलाशने के बाद भी बच्ची नहीं मिली। तभी नाले में सूअर के मुंह में कुछ देखकर लोग पास गए तो बच्ची नजर आई।

लोग नाले में सूअर के पीछे दौड़े और उसे घेरकर बच्ची के शव को उसके मुंह से छुड़ाया। सूअर तब तक बच्ची का सिर पूरी तरह खा चुका था। शव को देखने के बाद पूरा परिवार सदमे में आ गया और वहां भीड़ लग गई। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम द्वारा कार्रवाई नहीं करने को लेकर विरोध जताया।

प्रगति नगर क्षेत्र में ही नगर निगम का कार्यालय है। यहां पांडारोल नाले पर पांच महीने पहले नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान नाले की पुलिया के नीचे बनाया गया, सुअरों का अवैध बाड़ा मिला था। नगर निगम ने तब इसे सख्ती से हटा दिया था, लेकिन सूअर पालक ने बाड़ा हटने के बाद सूअरों को यहां खुला छोड़ दिया था। आसपास के लोग यहां सूअरों को हटाने को लेकर कई बार विरोध कर चुके हैं। बालिका का पिता मजदूर पेशा है। जब घटना हुई वह काम करने गया था, जैसे ही उसे घटना की जानकारी मिली, दौड़ते हुए घर पहुंचा।

बुरहानपुर कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा है। मामले में कार्रवाई करने को कहा है। सूअरों को शहर से बाहर करने के निर्देश भी नगर निगम को दिए हैं।

नोट- खबरों की अपडेट के लिए जनता से रिश्ता पर बने रहे |

Next Story