भारत

BRICS में रिश्तों की नई तस्वीर ग्लोबल लीडर्स संग मोदी की खास बॉन्डिंग

SHIDDHANT
11 Sept 2026 11:19 PM IST
BRICS में रिश्तों की नई तस्वीर ग्लोबल लीडर्स संग मोदी की खास बॉन्डिंग
x
गले मिले हाथ थामा और हुई अहम बात BRICS में मोदी का अलग अंदाज
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ हुई मुलाकातें चर्चा में हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी ने दोनों नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। इस दौरान सामने आई तस्वीरों में नेताओं के बीच गर्मजोशी भी देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। भारत की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग जारी रखने और ‘भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी रखने पर सहमति जताई।
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को तमिल संत तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध कृति ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भी भेंट किया। पीएम मोदी ने पुतिन को पुस्तक के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में भूमिका निभाएगी। दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में विवादों के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के हालात की समीक्षा करने के साथ भारत और ईरान के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी बातचीत की। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेजेशकियान की दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी मुलाकात थी। इस मुलाकात की एक तस्वीर ने खास तौर पर ध्यान खींचा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और ईरानी राष्ट्रपति एक-दूसरे का हाथ पकड़े दिखाई दिए। दोनों नेताओं की इस गर्मजोशी को उनकी द्विपक्षीय बातचीत के बीच खास संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग वैश्विक नेताओं के साथ मुलाकातें भारत की कूटनीतिक सक्रियता को भी दर्शा रही हैं। रूस के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और ईरान के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा के जरिए भारत ने सहयोग और संवाद पर जोर दिया है। पुतिन के साथ गर्मजोशी भरी मुलाकात से लेकर पेजेशकियान के साथ हाथ थामे तस्वीर तक, BRICS सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक नेताओं के साथ केमिस्ट्री भी सुर्खियों में बनी हुई है।
Next Story