भारत

तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, झुलसकर दो की मौत, छह जख्मी

jantaserishta.com
16 Dec 2025 1:26 PM IST
तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, झुलसकर दो की मौत, छह जख्मी
x
दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है.
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार आधी रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से दो लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग जख्मी हो गए। इनमें से दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत कुमार उर्फ गोलू और 70 वर्षीय चिंतामणी देवी के रूप में की गई है। बताया गया है कि प्रशांत कुमार करीब 15 दिन पहले ही पटना से अपनी नानी चिंतामणी देवी के घर आया था।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय मकान में कुल 15 लोग मौजूद थे। ग्राउंड फ्लोर पर आठ, पहले तल्ले पर तीन और दूसरे तल्ले पर चार लोग सो रहे थे। आग ग्राउंड फ्लोर से लगी, जिसके बाद पूरे घर में तेजी से धुआं फैल गया। देर रात सभी लोग गहरी नींद में थे, इसी दौरान अचानक आग भड़कने से घर में चीख-पुकार मच गई। पहले और दूसरे तल्ले पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक धुएं के कारण नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
धनबाद अग्निशमन विभाग के प्रभारी दीपक उरांव ने बताया कि मकान संकरी गली में होने के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य गेट पर ताला नहीं लगा होता, तो संभवतः सभी की जान बचाई जा सकती थी।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। बताया गया है कि चिंतामणी देवी अपने कमरे में हीटर चलाकर रात करीब 12 बजे सोई थीं और करीब एक बजे आग लगने की जानकारी अन्य लोगों को हुई। ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे छह लोग भी आग की चपेट में आए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story