भारत

BIG BREAKING: देर रात केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, धमाके में 13 फायरकर्मी झुलसे

SHIDDHANT
23 Sept 2026 10:31 PM IST
BIG BREAKING: देर रात केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, धमाके में 13 फायरकर्मी झुलसे
x
फैक्ट्री में लगी भीषण आग केमिकल ड्रम फटते ही मची अफरा-तफरी
JODHPUR जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में बुधवार शाम एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बासनी औद्योगिक क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी स्थित एसआर केमिकल फैक्ट्री में लगी आग के दौरान केमिकल ड्रम में जोरदार धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से आग बुझाने में जुटे 13 फायरकर्मी झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक आग लगी। फैक्ट्री के अंदर बड़ी संख्या में केमिकल से भरे ड्रम रखे हुए थे। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और केमिकल के कारण इसके तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने अलग-अलग तरफ से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान फैक्ट्री में रखे एक केमिकल ड्रम में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके और आग की चपेट में आने से 13 फायरकर्मी झुलस गए। अचानक हुए धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से घायल फायरकर्मियों को तत्काल बाहर निकाला गया। उन्हें पहले इलाज के लिए एम्स जोधपुर ले जाया गया। वहां बर्न यूनिट उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि एसआर केमिकल फैक्ट्री में दो से तीन दिन पहले ही नया केमिकल लाया गया था। इस केमिकल का इस्तेमाल हैंडीक्राफ्ट और औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। हालांकि फैक्ट्री में आग इसी केमिकल की वजह से लगी या कोई अन्य कारण था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से फैक्ट्री से दूर किया गया। आग और केमिकल ड्रम में धमाकों के खतरे को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीमों ने सावधानी के साथ अभियान जारी रखा।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन और पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने भी घटना की जानकारी ली। प्रशासन फैक्ट्री में रखे केमिकल, सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी जुटा रहा है। फिलहाल हादसे में झुलसे सभी 13 फायरकर्मियों का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
Next Story