भारत

इंग्लैंड से लौटे शख्स ने की मां और दो पालतू कुत्तों की हत्या...खुद को मारी गोली

SHIDDHANT
24 Nov 2026 10:03 PM IST
इंग्लैंड से लौटे शख्स ने की मां और दो पालतू कुत्तों की हत्या...खुद को मारी गोली
x
बुजुर्ग मां की हत्या के बाद बेटे की मौत, परिजनों से पूछताछ
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर स्थित गुमटाला इलाके के जुझार सिंह एवेन्यू में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 50 वर्षीय हरप्रीत सिंह ने कथित तौर पर अपनी बुजुर्ग मां और दो पालतू कुत्तों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हरप्रीत की भी आत्महत्या से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय हरप्रीत सिंह की भाभी और उनकी दो बेटियां घर के एक कमरे में सो रही थीं। गोलियों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। कमरे से बाहर आने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह के मुताबिक, हरप्रीत वर्ष 2021 में इंग्लैंड से भारत लौटा था। इसके बाद वह कोई काम नहीं कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में परिवार के सदस्यों ने उसके अवसाद से जूझने और मां के साथ विवाद होने की जानकारी दी है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
हरप्रीत की भाभी के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई है। संबंधित फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण करने के साथ परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय पार्षद रमनदीप सिंह ने बताया कि परिवार करीब एक वर्ष पहले इस इलाके में रहने आया था। परिवार का किसी अन्य व्यक्ति के साथ जमीन या आपसी विवाद होने की जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
Next Story