भारत

'टेस्ट ड्राइव' के बहाने लगा चपत: कार खरीदने पहुंचा था युवक, शोरूम से XUV लेकर हुआ फुर्र

jantaserishta.com
30 May 2026 11:55 AM IST
टेस्ट ड्राइव के बहाने लगा चपत: कार खरीदने पहुंचा था युवक, शोरूम से XUV लेकर हुआ फुर्र
x
जानें पूरा मामला.
झांसी: कार खरीदने कोई ग्राहक आए, गाड़ी देखे, भाव-ताव करे और फिर टेस्ट ड्राइव मांगे. इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है. लेकिन झांसी में एक कार कारोबारी के साथ जो हुआ, वो हैरान कर देने वाला है. दरअसल, एक युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने लाखों की एक्सयूवी लेकर फरार हो गया. यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है.
यह कहानी झांसी के सीपरी बाजार इलाके की है. यहां नंदनपुरा में दयासागर साहू सेकेंड हैंड कारों का कारोबार करते हैं. उनकी दुकान पर बिक्री के लिए एक XUV 500 खड़ी थी. शुक्रवार सुबह एक युवक वहां पहुंचा. उसने खुद को मध्य प्रदेश के दतिया का रहने वाला बताया. गाड़ी देखी, खूब पूछताछ की, कीमत पर बात की और फिर कहा- टेस्ट ड्राइव करनी है.
सब कुछ सामान्य लग रहा था. इसलिए दयासागर साहू ने अपने बेटे रोशन साहू को युवक के साथ भेज दिया. टेस्ट ड्राइव के दौरान युवक खुद गाड़ी चला रहा था. रास्ते में उसने कहा कि गाड़ी में डीजल कम है, पहले तेल भरवा लेते हैं. दोनों बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे. 500 रुपये का डीजल डलवाने की बात हुई.
रोशन साहू गाड़ी से उतरकर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ डीजल भरवाने लगे. अभी करीब 300 रुपये का ही डीजल भरा गया था कि तभी युवक ने अचानक एक्सीलेटर दबाया और XUV लेकर निकल गया. इतना अचानक कि पेट्रोल पंप कर्मचारी के हाथ में डीजल का नोजल ही रह गया और गाड़ी आंखों के सामने सड़क पर गायब हो गई.
रोशन साहू ने शोर मचाया, लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. आरोपी रक्सा-शिवपुरी रोड की तरफ भाग चुका था. यह पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया. कार बाजार, पेट्रोल पंप और आसपास के कैमरों में आरोपी की तस्वीरें कैद हुई हैं.
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पीड़ित का कहना है कि घटना से जुड़े कई CCTV फुटेज उनके पास मौजूद हैं, जिनमें आरोपी युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है.
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है. रोशन साहू का कहना है कि युवक शुरू से ही खुद को दतिया का रहने वाला बता रहा था. उसने गाड़ी खरीदने में काफी दिलचस्पी दिखाई, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन टेस्ट ड्राइव के बहाने वह लाखों की XUV लेकर फरार हो गया.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story