भारत

शख्स ने बीच सड़क पर कुत्ते को राइफल से किया शूट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

jantaserishta.com
8 April 2025 4:02 PM IST
शख्स ने बीच सड़क पर कुत्ते को राइफल से किया शूट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
x
वीडियो वायरल.
रांची: रांची शहर के टाटीसिलवे इलाके में एक शख्स ने बीच सड़क पर एक कुत्ते को राइफल से गोली मार दी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। शख्स का नाम प्रदीप पांडेय है। उसका कहना है कि कुत्ता पागल हो गया था और कई लोगों पर हमले कर रहा था, इसलिए उसने गोली चलाई।
इस घटना का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें एक व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ राइफल लेकर जाता दिख रहा है। अचानक वह सड़क के किनारे दो-तीन कुत्तों को देखकर पोजिशन लेता है और राइफल से गोली चला देता है। फायरिंग के वक्त सड़क पर कई गाड़ियां गुजर रही थीं। लोगों का कहना है कि सड़क पर अचानक इस तरह से फायरिंग की गई कि निशाना चूकने पर गोली किसी व्यक्ति को भी लग सकती थी।
इसका वीडियो रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए कुछ लोगों ने कार्रवाई की मांग की। इसके बाद रांची के ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने टाटीसिलवे थाने की पुलिस को इसकी जानकारी देते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने भी इस घटना पर संज्ञान लेते हुए इसकी समुचित जांच करने का आदेश दिया है। टाटीसिलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका कहना है कि राइफल लाइसेंसी है। हाल के दिनों में कुत्ता कई लोगों को जख्मी कर चुका था। कुत्ते के हमले से लोगों को बचाने के लिए उसने गोली चलाई। पुलिस के अनुसार, कानूनन स्ट्रीट डॉग की हत्या नहीं की जा सकती और बेवजह नुकसान भी नहीं पहुंचाया जा सकता है। ऐसा अपराध साबित होने पर दो साल तक जेल और जुर्माने की सजा हो सकती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story