
x
THANE ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में एक व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के पासपोर्ट हासिल करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। ठाणे के हिललाइन पुलिस स्टेशन में चांद अली अब्दुल रशीद सैयद के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2009 में भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर अपने रिश्तेदारों से मिलने पाकिस्तान गया था। आरोप है कि पाकिस्तान पहुंचने के बाद उसने अपनी भारतीय नागरिकता से संबंधित जानकारी छिपाई और कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वहां का पासपोर्ट हासिल कर लिया।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि पाकिस्तानी पासपोर्ट हासिल करने के बाद आरोपी ने उसी दस्तावेज का इस्तेमाल कर भारत में प्रवेश किया। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पाकिस्तानी पासपोर्ट बनवाने के लिए उसने किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और वे दस्तावेज कहां से हासिल किए गए थे। मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू वर्ष 2024 में भारतीय पासपोर्ट दोबारा बनवाने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पुराने भारतीय पासपोर्ट से संबंधित जानकारी कथित तौर पर छिपाई और नया भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया।
पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब मुंबई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को आरोपी की नागरिकता और दस्तावेजों से संबंधित जानकारी पर संदेह हुआ। इसके बाद दस्तावेजों की जांच की गई। इसी जांच के दौरान आरोपी के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है।
इसके बाद मामला ठाणे पुलिस तक पहुंचा और हिललाइन पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं। आरोपी ने कथित तौर पर दोनों देशों के पासपोर्ट किस उद्देश्य से हासिल किए, इसकी पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दस्तावेज हासिल करने में किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क ने उसकी मदद की थी या नहीं।
Next Story





