भारत

यमुनोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, खाई में गिरे चालक का टीम ने किया रेस्क्यू

SHIDDHANT
16 Sept 2026 11:01 PM IST
यमुनोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, खाई में गिरे चालक का टीम ने किया रेस्क्यू
x
Uttarkashi. उत्तरकाशी। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक टेम्पो ट्रैवलर चालक पैर फिसलने से गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके साथ ही वाहन में सवार सात तीर्थयात्रियों के लिए वैकल्पिक गाड़ी की व्यवस्था कर सुरक्षित रूप से जानकीचट्टी पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर की रात करीब 9 बजे स्यानाचट्टी के निकट एक टेम्पो ट्रैवलर चालक वाहन से नीचे उतरते समय संतुलन खो बैठा और लगभग 40 से 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने चालक उपेन्द्र, निवासी उत्तर प्रदेश, को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दुर्घटना में उसे मामूली चोटें आईं। बताया गया कि उपेन्द्र हरिद्वार से मध्य प्रदेश के सात तीर्थयात्रियों को चारधाम यात्रा पर लेकर आया था। शौच के लिए वाहन से उतरते समय उसका पैर फिसल गया और वह खाई में जा गिरा।
घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तरकाशी पुलिस ने तत्काल दूसरे वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद सभी सात तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके रात्रि विश्राम स्थल जानकीचट्टी पहुंचाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से चालक की जान बच गई और यात्रियों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। चालक और तीर्थयात्रियों ने उत्तरकाशी पुलिस तथा रेस्क्यू टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
Next Story