भारत

घने कोहरे में हाईवे पर भीषण एक्सीडेंट, 4 वाहन आपस में टकराए, 6 घायल

jantaserishta.com
14 Dec 2025 12:49 PM IST
घने कोहरे में हाईवे पर भीषण एक्सीडेंट, 4 वाहन आपस में टकराए, 6 घायल
x
यह हादसा सुबह करीब 4:50 बजे हुआ.
मथुरा: घने कोहरे के चलते रविवार तड़के उत्तर प्रदेश में मथुरा के बरेली हाईवे पर एक भीषण एक्सीडेंट हो गया, जिसमें चार वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए। इस हादसे में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि कुल छह लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:50 बजे हुआ। बरेली हाईवे पर एक ट्रक (यूपी 81 सीटी 0399) सड़क किनारे खड़ा था। अत्यधिक कोहरे के कारण पीछे से आ रही थार जीप (यूपी 81 डीएल 4968) को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
थार के ट्रक से टकराने के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक कार (एचआर 13 वी 3274) और एक हुंडई आई20 (डीएल 1सीटी 1723) भी नियंत्रण खो बैठीं और आपस में टकरा गईं। कुछ ही पलों में हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 5849 और थाना महावन की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया।
थार जीप में सवार नीरज शर्मा (40 वर्ष) और शशांक (25 वर्ष) की पहचान निवासी प्रतिभा कॉलोनी, अलीगढ़ के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए चार अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) छौली बल्देव भेजा गया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर चौकी खप्परपुर भिजवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि हाईवे पर यातायात को सुचारू किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है। घने कोहरे को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है। दुर्घटना थाना महावन क्षेत्र के अंतर्गत चिंताहरण के पास राया से रिफाइनरी की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story