भारत

लव मैरिज के बाद अफेयर से मचा बवाल, गर्लफ्रेंड पर प्रेमी का घर फूंकने का आरोप

SHIDDHANT
18 Oct 2026 9:51 PM IST
लव मैरिज के बाद अफेयर से मचा बवाल, गर्लफ्रेंड पर प्रेमी का घर फूंकने का आरोप
x
परिवार हुआ बेघर
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में प्रेम संबंधों और पारिवारिक विवाद के चलते आगजनी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित बाबा दीप सिंह कॉलोनी में एक युवती पर अपने कथित प्रेमी के घर में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा है। इस घटना में पीड़ित परिवार का घर और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामले में नेहा नाम की युवती को हिरासत में लिया है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
छह महीने की बच्ची को लेकर घर से निकली महिला
पीड़ित युवक की पत्नी ने अपनी छह महीने की बच्ची को गोद में लेकर मीडिया के सामने घटना की जानकारी दी। महिला के मुताबिक, वह घर में लेटी हुई थी। इसी दौरान आरोपी युवती अचानक घर में घुस आई और अलमारी खोलकर सामान निकालने लगी। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उससे मोबाइल फोन और पैसे मांगे। पीड़िता का आरोप है कि युवती ने अलमारी से रुपये निकाले और उसे बच्ची समेत घर से बाहर धकेल दिया। इसके बाद आरोपी युवती कथित तौर पर पेट्रोल की बोतल और लाइटर लेकर आई और घर में आग लगा दी।
चार साल पहले हुई थी लव मैरिज
पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। आरोप है कि कुछ समय से उसके पति का दूसरी युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। महिला के मुताबिक, परिवार के लोगों ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। उसने आरोप लगाया कि दूसरी युवती लगातार उसे घर से निकालने की धमकी देती थी।
आग में जल गया 5 लाख का सामान
पीड़ित परिवार और पड़ोसियों के अनुसार, आगजनी में करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घर में रखे कपड़े, घरेलू सामान, गहने और लगभग 95 हजार रुपये नकद जलने का दावा किया गया है। परिवार का कहना है कि घटना के बाद उनके पास केवल वही कपड़े बचे हैं, जो उन्होंने उस समय पहन रखे थे। आग लगने से परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
पुलिस अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि नेहा और कुलविंदर सिंह उर्फ अजय या बल्ली के बीच पहले से जान-पहचान थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद युवती युवक के घर पहुंची और वहां आग लगाने की घटना सामने आई। मामले में युवती की शिकायत पर भी कार्रवाई की गई है। वहीं, युवक द्वारा युवती के घर में तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचाने के आरोप में क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने नेहा को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। आगजनी के कारणों, नुकसान और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Next Story