
बेंगलुरु। अगर आप भी बाहर खाने के शौकीन हैं तो सावधान हो जाइये। संभव है कि इसी तरह की घटना आपके साथ भी हो जाए। दरअसल, बेंगलुरु के मगदी मेन रोड पर स्थित एक बेकरी से पनीर टिक्का रोल खाने के बाद एक व्यक्ति को छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। इससे व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित ने बेकरी की लापरवाही के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल मामले की पुलिसिया जांच जारी है।
अग्रहारा दसराहल्ली निवासी 32 वर्षीय टैक्सी चालक दीपू एनके 25 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे बेकरी पर रुका। उसने शहद का केक खाने के बाद चिकन रोल मंगाया, लेकिन चिकन रोल उपलब्ध न होने पर पनीर टिक्का रोल का ऑर्डर दिया। बताया जा रहा है कि रोल का एक टुकड़ा खाते ही दीपू को उसमें छिपकली दिखाई दी। उन्होंने तुरंत बेकरी कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन कर्मचारियों ने टालमटोल जवाब दिया और दावा किया कि उसकी दुकान पूरी तरह साफ है। बताया जा रहा है कि रोल खाने के कुछ देर बाद दीपू को उल्टी होने लगी और तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद बेकरी के एक कर्मचारी ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में दीपू को दस्त भी हुए। डॉक्टरों ने उसे 24 घंटे निगरानी में रखने की सलाह दी। दीपू के अनुसार, बेकरी कर्मचारियों ने इस घटना की कोई जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और अस्पताल का खर्च वहन करने से भी मना कर दिया। उन्होंने दीपू से कहा कि वे किसी दूसरे डॉक्टर के पास जाए।
इस घटना के बाद गोविंदराज नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा के तहत लापरवाही से विषैले पदार्थ से संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता दीपू छिपकली होने का कोई ठोस सबूत (जैसे फोटो) पेश नहीं कर सका, क्योंकि उल्टी होने के बाद घबराहट में वह फोटो नहीं ले पाया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।





