भारत

चोरी के शक में मजदूर की दर्दनाक मौत पेड़ से बांधकर पीटा देखें Video....

SHIDDHANT
27 Aug 2026 10:24 PM IST
चोरी के शक में मजदूर की दर्दनाक मौत पेड़ से बांधकर पीटा देखें Video....
x
वीडियो
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में एक मजदूर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि ईंट भट्ठा संचालक और उसके साथी ने ट्रैक्टर चोरी के शक में 45 वर्षीय राम जनम वनवासी को पेड़ से बांधकर लाठियों से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, राम जनम वनवासी मूल रूप से चंदौली जिले के धानापुर का रहने वाला था और वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र के गोसाईपुर में अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। 21 अगस्त को गोसाईपुर इलाके में पुलिस को एक व्यक्ति का शव मिला था। शव की पहचान बाद में राम जनम वनवासी के रूप में हुई।




शुरुआत में मृतक के परिवार ने किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया था और शिकायत दर्ज कराने में भी हिचक दिखाई थी। हालांकि पुलिस ने अपने स्तर पर मामले की जांच जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस को कुछ फोटो और वीडियो मिले, जिनसे घटना से जुड़े अहम सुराग मिले। एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नगायच के अनुसार, जांच में सामने आया कि ईंट भट्ठा संचालक अजय सिंह और उसके साथी विशाल सिंह को शक था कि राम जनम उनका ट्रैक्टर चोरी करने की कोशिश कर रहा था। इसी शक के आधार पर दोनों ने उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि 20 अगस्त की रात राम जनम को चौबेपुर थाना क्षेत्र के हरियाडीह स्थित एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया। वहां उसे पेड़ से बांध दिया गया और लाठियों से बेरहमी से पीटा गया। पुलिस के मुताबिक, मारपीट इतनी ज्यादा की गई कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर शव को चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर इलाके में फेंक दिया। अगले दिन स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया और जांच शुरू की।
पुलिस को मिले वीडियो और फोटो के आधार पर मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। मृतक के परिवार की तहरीर मिलने के बाद अजय सिंह और विशाल सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय कितने लोग मौजूद थे और शव को घटनास्थल से गोसाईपुर तक कैसे पहुंचाया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Next Story