
x
शराब में नशीली गोलियां
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले पति को शराब में नशीली गोलियां मिलाकर पिलाई गईं और बेहोश होने के बाद शराब की बोतल से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के कोताना गांव का है। मृतक की पहचान प्रमोद उर्फ मोगली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सिकंदर बाइक मैकेनिक है और प्रमोद की दुकान किराये पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां प्रमोद की पत्नी उर्मिला से बढ़ गईं। दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते की भनक उर्मिला के बेटे को लग गई थी। इसके बाद सिकंदर ने घर आना बंद कर दिया, लेकिन फोन पर दोनों की बातचीत जारी रही।
18 अक्टूबर की रात रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, उर्मिला ने सिकंदर को नशीली गोलियां देकर शराब में मिलाने को कहा था। इसके बाद सिकंदर प्रमोद को ट्यूबवेल पर ले गया। वहां शराब पीने के दौरान प्रमोद को नशीली गोलियां दी गईं। बेहोश होने पर सिकंदर ने शराब की बोतल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सिकंदर रामलीला देखने चला गया। इस दौरान उर्मिला ने व्हाट्सएप पर हत्या की जानकारी ली। सिकंदर ने काम पूरा होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, दोनों देहरादून भागने की तैयारी में थे। सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
Next Story





