भारत

बिहार के एक पूर्व विधायक और IAS अधिकारी पर दुष्कर्म का आरोप, महिला का वीडियो वायरल

Neha Dani
22 Nov 2021 2:29 AM GMT
बिहार के एक पूर्व विधायक और IAS अधिकारी पर दुष्कर्म का आरोप, महिला का वीडियो वायरल
x
महिला ने पिता के पैतृक संपत्ति में बच्चे को हिस्सा दिलाने की भी मांग की है।

बिहार की एक महिला वकील ने राजद के पूर्व विधायक और राज्‍य के एक वरिष्‍ठ आइएएस अधिकारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक उसने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस इसके लिए तैयार नहीं थी। इसके बाद उसने दानापुर कोर्ट में परिवाद दायर किया। इस मामले पर 13 दिसंबर को सुनवाई होनी है। इस बीच आरोप लगाने वाली महिला का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला का आरोप है कि कुछ लोग इसपर राजनीति कर रहे हैं। बिहार का एक दबंग अब आरोपितों को बचाने में लग गया है।

वायरल वीडियो में महिला का दावा है कि उनके खिलाफ षडयंत्र रचा जा रहा है, लेकिन वह किसी से डरने वाली नहीं हैं। बहुत जल्द वह अपने आरोपों को सिद्ध कर देंगी और आरोपितों को सजा दिलवाकर रहेंगी। महिला बिहार की रहने वाली हैं। पेशे से वकील हैं। फिलहाल वह प्रयागराज में रह रही हैं। उन्होंने बिहार के एक पूर्व विधायक और आइएएस अधिकारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस में शिकायत के बाद जब मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो उन्होंने दानापुर व्यवहार न्यायालय में शिकायत भेजकर परिवाद दर्ज करवाने की गुहार लगाई। 16 नवंबर को भेजे गए आवेदन पर कोर्ट ने 18 नवंबर को विचार किया गया। इसपर 13 दिसंबर को सुनवाई सुनिश्चत की गई है। उसी दिन आगामी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
इसी बीच रविवार को महिला का इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में महिला बोलती दिख रही हैं कि अपने स्वार्थ के लिए कुछ लोग आरोपितों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनके पास आरोपितों के खिलाफ पूरे सुबूत हैं। दुष्कर्म के बाद उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया था। वे अपने बेटे का डीएनए टेस्ट कराने की मांग करेंगी। डीएनए जांच के बाद सच्चाई सबके सामने आ जाएगी। महिला ने पिता के पैतृक संपत्ति में बच्चे को हिस्सा दिलाने की भी मांग की है।

Next Story