भारत

लिव-इन पार्टनर पर जानलेवा हमला, युवती के गले पर चाकू से वार, आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
25 May 2026 8:44 PM IST
लिव-इन पार्टनर पर जानलेवा हमला, युवती के गले पर चाकू से वार, आरोपी गिरफ्तार
x
अपराध
Jabalpur जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के करमेता इलाके में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के गले पर चाकू से वार किया और बाद में बेलन से सिर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता के गले में 27 टांके लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय युवती निजी कंपनी में काम करती है और पिछले दो वर्षों से नीतेश पाटकर नामक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। बताया गया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे लेकर अक्सर झगड़े होते थे।
घटना के दिन युवती रसोई में काम कर रही थी, तभी आरोपी ने पीछे से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बेलन से सिर पर कई वार किए। गंभीर हालत में भी युवती किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है।
Next Story