
पुणे। स्वारगेट बस स्टैंड पर हुए शर्मनाक रेप के मामले में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 37 वर्षीय आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे को पुणे के शिरुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि वह देर रात किसी के घर खाना खाने गया था, उसी शख्स ने पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी. आरोपी की गिरफ्तारी गुरुवार रात लगभग डेढ़ बजे हुई और आज उसे पुणे की अदालत में पेश किया जाएगा.
आरोपी गाडे पर पहले से ही चोरी, डकैती और चेन-स्नेचिंग के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. 2019 से वह एक अपराध के मामले में जमानत पर बाहर था. आरोपी पिछले दो दिनों से फरार था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए 13 विशेष टीमें बनाई थीं. इस मामले में पुणे पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी.
स्वारगेट बस स्टैंड पर हुई इस घटना ने ना सिर्फ पुणे बल्कि पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है. इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने इस रेप के मामले को 2012 के दिल्ली सामूहिक बलात्कार के समान बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है और पुणे के संरक्षक मंत्री अजीत पवार को भी कटघरे में खड़ा किया है.





