भारत
बारात में डीजे बंद होने पर बवाल, दूल्हे के बहनोई ने चलाई गोली, डीजे वाले के पिता की मौत
jantaserishta.com
28 Nov 2025 1:15 PM IST

x
धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी.
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शादी समारोह के दौरान डीजे बंद करने को लेकर इतना विवाद बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। मामला अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव का है। शाहपुरा गांव निवासी टीकाराम की बेटी की शादी लखनऊ के जेहटा निवासी विकास से तय हुई थी। गुरुवार देर रात बारात आई। अतरौली के ही बरगदी गांव के अमित का डीजे लगा था। रात करीब 12 बजे अमित ने डीजे बंद कर दिया।
इसी बात से नाराज दूल्हे के बहनोई आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने अमित से डीजे फिर से चालू करने को कहा। अमित ने देर रात का हवाला देकर ऐसा करने से मना कर दिया। इस पर दोनों भाइयों ने अमित से धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।
झगड़ा बढ़ता देख अमित ने अपने पिता पुत्तीलाल (55) और बड़े भाई आशीष को बुला लिया। जब पिता और भाई उन्हें समझाने आए तो आकाश गौतम ने खुद को लखनऊ में बड़ा प्रॉपर्टी डीलर और किसी संगठन का अध्यक्ष बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि अखिलेश के इशारे पर आकाश ने कमर से लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और पुत्तीलाल के सीने में गोली मार दी।
गोली लगते ही पुत्तीलाल जमीन पर गिर पड़ा। शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। बाराती इधर-उधर भागने लगे। घायल पुत्तीलाल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली ले जाया गया, वहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरा मंडप सूना पड़ गया। जयमाला की रस्म हो चुकी थी, लेकिन फेरे नहीं पड़े थे। डरे हुए बाराती अपने-अपने घर लौट गए। दूल्हा और उसके परिजन कोतवाली पहुंच गए, जिससे शादी में व्यवधान पड़ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और सीओ संडीला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अमित की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे के दोनों बहनोई आकाश गौतम और अखिलेश गौतम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं। बहुत जल्द दोनों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस पूरे इलाके में छापेमारी कर रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





