थाने के हथियार रूम में चली गोली, हेड कांस्टेबल की हालत नाजुक

राजस्थान। खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब थाने के मालखाने में अचानक गोली चल गई. इस घटना में मालखाना इंचार्ज और हेड कांस्टेबल हरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली उनके सिर से आरपार हो गई, जिसके बाद उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों में हड़कंप फैल गया. गोली चलने की आवाज सुनकर कई पुलिसकर्मी तुरंत मालखाने की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि हेड कांस्टेबल हरपाल बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे और गंभीर रूप से घायल थे. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें बहरोड़ स्थित पार्क हॉस्पिटल पहुंचाया. अस्पताल में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. सिटी स्कैन के बाद उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाने की तैयारी की गई. अस्पताल में पुलिस अधिकारियों की भी मौजूदगी रही. अधिकारियों के अनुसार, 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल हरपाल मुंडावर थाने के मालखाने के इंचार्ज के रूप में कार्यरत थे. वे मांडण गांव के निवासी हैं. बताया गया कि हरपाल ने तीन दिन की छुट्टी पूरी करने के बाद उसी दिन सुबह ड्यूटी जॉइन की थी.
परिवार के बारे में जानकारी के अनुसार, हरपाल के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को भी सूचित किया गया, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंच गए. घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और किशनगढ़बास डीएसपी लाल सिंह यादव मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.





