
x
Shimla. शिमला। शिमला में खैरा से ओगली तक एमडीआर-22 सडक़ का उन्नयन एवं विस्तारीकरण तथा सतलुज नदी पर ओगली-परलोग में 152 मीटर स्पैन के पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही 382 मेगावाट क्षमता की सुन्नी बांध जलविद्युत परियोजना की पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन (आर एंड आर) योजना के तहत विभिन्न आधारभूत विकास कार्यों पर भी काम होगा। गौर हो कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की मौजूदगी में बुधवार को पीडब्ल्यूडी और एसजेवीएन के बीच 72.82 करोड़ के एमओयू पर हुआ है। इसके तहत इस पहल का उद्देश्य परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करना है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान एवं एसजेवीएनएल के कार्यकारी निदेशक विकास शर्मा ने एमओयू हस्ताक्षरित किए। उधर, लोक निर्माण मंत्री ने इस दौरान एसजेवीएनएल एवं संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जल शक्ति विभाग, सुन्नी मंडल से जुड़े मुद्दों और परियोजना प्राधिकरणों से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय तथा लंबित विषयों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विशेष सचिव, लोक निर्माण हरबंस सिंह ब्रसकोन, अतिरिक्त सचिव शिल्पी बेक्टा, उप-मंडलाधिकारी सुन्नी, राजेश वर्मा, मुख्य अभियन्ता लोक निर्माण, एसपी जगोता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Next Story





