
x
मनसे नेता ने उठाया सवाल
मुंबई। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता संदीप देशपांडे ने शिवसेना के शाखा प्रमुख संतोष पवार का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। वीडियो में पवार कार की पिछली सीट पर नकदी से भरे एक बॉक्स के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। मनसे नेता ने दावा किया है कि बॉक्स में करीब 50 से 60 लाख रुपये की नकदी है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे संतोष पवार शिवसेना शिंदे गुट की कोलाबा स्थित शाखा संख्या 226 के प्रमुख हैं। वीडियो में पवार कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि बीएमसी चुनाव के दौरान एक वरिष्ठ नेता ने उन्हें यह बॉक्स दिया था।
वीडियो साझा करने के बाद संदीप देशपांडे ने नकदी के स्रोत को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर एक शाखा प्रमुख को इतनी बड़ी रकम कहां से मिली और किस वरिष्ठ नेता ने उन्हें यह पैसा दिया था। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की है।
मनसे नेता ने कहा कि उन्हें यह वीडियो किसी अन्य व्यक्ति से प्राप्त हुआ था, जिसके बाद उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर साझा किया। हालांकि, उन्होंने वीडियो भेजने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। देशपांडे ने बीएमसी चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यह रकम मतदाताओं के बीच बांटने के लिए दी गई थी। उन्होंने संबंधित शाखा प्रमुख से नकदी का हिसाब मांगे जाने की बात कही।
मनसे नेता ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराने और संबंधित व्यक्ति से पूछताछ करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मामले की वास्तविकता जनता के सामने आनी चाहिए। फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रही नकदी की वास्तविक राशि, उसके स्रोत और चुनाव से उसके संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Next Story





