
x
मैट्रिमोनियल साइट पर मिला धोखा, बुजुर्ग के लाखों रुपये हड़पे
मध्य प्रदेश। रीवा जिले में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से शादी का झांसा देकर 74 वर्षीय सेवानिवृत्त फौजी से करीब 12 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने बुजुर्ग को शादी का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाया और इलाज के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। रकम मिलने के बाद युवती ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आनंद नगर बोदाबाग निवासी राम सुमेर मिश्रा (74) सेवानिवृत्त फौजी हैं। वह अकेले जीवन व्यतीत कर रहे थे और शादी करना चाहते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल बनवाई थी।
कुछ दिनों बाद उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाली युवती ने अपना नाम सरस्वती उपाध्याय बताया और खुद को उज्जैन की निवासी बताया। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ने लगीं। युवती ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर बुजुर्ग ने भी सहमति जताई। आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाने के बाद युवती ने अपनी परेशानियों का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगनी शुरू कर दी। उसने बुजुर्ग को बताया कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी है और इलाज के लिए बड़ी रकम की आवश्यकता है।
युवती की बातों पर विश्वास करते हुए राम सुमेर मिश्रा ने पेटीएम और कियोस्क के माध्यम से उसके बताए बैंक खाते में करीब 12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के अगले ही दिन युवती का मोबाइल फोन बंद हो गया। बुजुर्ग ने कई बार युवती से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। उन्होंने विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने सरस्वती उपाध्याय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान युवती की वास्तविक पहचान और रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कथित ठगी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Next Story





