भारत

3 साल की बच्ची के सिर में लगी गोली, लेकिन कहां से आई और किसने चलाई, यह पता नहीं...

jantaserishta.com
20 Dec 2025 4:47 PM IST
3 साल की बच्ची के सिर में लगी गोली, लेकिन कहां से आई और किसने चलाई, यह पता नहीं...
x
पढ़ें पूरी खबर.
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ के गाजीपुर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर की छत पर खेल रही 3 साल की बच्ची के सिर में गोली लग गई. बच्ची टीन शेड के नीचे खेल रही थी, तभी अचानक तेज आवाज आई और उसके सिर से खून बहने लगा. परिजन घबराकर उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इसे सामान्य चोट समझकर टांके लगाकर घर भेज दिया.
शाम होते-होते बच्ची की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए. वहां जांच में डॉक्टरों ने बच्ची के सिर में गोली फंसी होने की पुष्टि की. अस्पताल में बेड न मिलने पर बच्ची को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां सीटी स्कैन के बाद करीब 5 घंटे चले ऑपरेशन में डॉक्टरों ने गोली निकाल दी. फिलहाल बच्ची ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. छत पर लगे टीन शेड में गोली का निशान मिला है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गोली ऊपर से आई और टीन को चीरते हुए बच्ची के सिर में लगी. पुलिस ने आसपास के घरों में पूछताछ की, लेकिन अब तक न तो कोई लाइसेंसी हथियार मिला है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि गोली किसने चलाई. यही वजह है कि पूरा मामला पुलिस के लिए एक पहेली बना हुआ है.
बच्ची के पिता रमेश ने गाजीपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है. परिजनों का आरोप है कि अगर निजी अस्पताल में समय रहते सीटी स्कैन या गहन जांच कराई जाती, तो इलाज पहले शुरू हो सकता था. पुलिस अब गोली की दिशा, ऊंचाई और संभावित सोर्स की जांच कर रही है. सवाल है कि रिहायशी इलाके में चली, यह गोली आखिर कहां से आई और इसके पीछे कौन है.
केजीएमसी के न्यूरो सर्जन असिस्टेंट प्रोफेसर अंकुर बजाज ने बताया कि ऑपरेशन करने में तकरीबन 4 से 5 घंटे लगे, जिसमें गोली दिमाग में अलग-अलग तरीके से घूम रही थी. यानी कि जिस जगह पर पकड़ने की कोशिश कर रहे थे, वह आगे निकल जा रही थी. इस वजह से काफी ज्यादा दिक्कत है. पहली बार इस तरीके का केस सामने आया. गोली का जो साइज है, वह देखने से राइफल की तरह लग रही है.
हालांकि बच्ची को आईसीयू में एडमिट किया गया है, जहां हालत अब ठीक है. डीसीपी ईस्ट जोन शशांक सिंह के मुताबिक, मामले में जांच हो रही है कि आखिर गोली वहां कैसे पहुंची और किस तरीके से टीन को फाड़कर बच्ची को लगी. मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null