
x
आधी रात निर्माणाधीन इमारत से गायब हुई बच्ची
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। विजय नगर थाना क्षेत्र में दो साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माणाधीन इमारत में अपने परिवार के साथ सो रही बच्ची को आधी रात अगवा कर उसके साथ यौन अपराध किया गया। इसके बाद बच्ची की जान लेने की कोशिश की गई। गनीमत रही कि मासूम की जान बच गई। पुलिस ने इस मामले में दमोह जिले के रहने वाले 28 वर्षीय आरोपी आशीष पटेल को गिरफ्तार किया है।
आधी रात निर्माणाधीन इमारत से गायब हुई बच्ची
घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। विजय नगर थाना क्षेत्र में मजदूरी करने वाला एक परिवार निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिवार की नींद खुली तो दो साल की बच्ची गायब मिली। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर स्थित दूसरी निर्माणाधीन इमारत में बच्ची मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मेडिकल जांच में सामने आया गंभीर अपराध
पुलिस ने शुरुआत में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। बच्ची के मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके साथ यौन अपराध होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़कर जांच तेज कर दी।
बच्ची की हत्या करने की कोशिश का आरोप
एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि परिजनों की आवाज सुनकर वह घबरा गया था। बच्ची के रोने पर उसने उसे चुप कराने के लिए उसकी सांस रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बच्ची के शांत हो जाने पर आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, मासूम की जान बच गई।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 आपराधिक मामले
पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आशीष पटेल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दमोह जिले के जबेरा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, लूट, घर में घुसकर अपराध करने और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्तमान मामले में पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास और गृहभेदन सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
70 वर्षीय महिला पर हमले में भी भूमिका की जांच
जांच के दौरान पुलिस को कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य वारदात में भी आरोपी की संभावित संलिप्तता के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि उसी रात एक घर में चोरी की कोशिश के दौरान 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाने का प्रयास हुआ। पुलिस इस मामले में भी आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं से जुड़े साक्ष्यों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Next Story





