
x
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वाराणसी से 9वें पोषण माह की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना और आंगनबाड़ी केंद्रों में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में पोषण अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद से लगातार सरकार का प्रयास रहा है कि बच्चों, महिलाओं और परिवारों में पोषण के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए।
उन्होंने कहा कि पोषण माह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाकर बच्चों और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका केवल पोषण तक सीमित नहीं है। अब इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को विद्यालय के लिए तैयार करने पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा और पोषण दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि बच्चों को संतुलित आहार मिले और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर पोषण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की सफलता के लिए आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोषण माह के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसमें बच्चों के स्वास्थ्य, महिलाओं के पोषण, स्वच्छता और संतुलित आहार जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि देश के भविष्य के लिए बच्चों का स्वस्थ होना जरूरी है। इसलिए सरकार का प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ने वाले हर बच्चे को बेहतर पोषण और जरूरी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान के जरिए कुपोषण को कम करने और स्वस्थ समाज के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकारी विभागों के साथ-साथ समाज के हर व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। वाराणसी से शुरू होने वाला यह अभियान देशभर में पोषण को लेकर जागरूकता फैलाने का काम करेगा। सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ें और बच्चों व महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सके।
Next Story





