भारत

एक परिवार के 9 सदस्य मिले नए वैरिएंट से संक्रमित, भारत में अब आंकड़ा पहुंचा 21

Nilmani Pal
5 Dec 2021 2:29 PM GMT
एक परिवार के 9 सदस्य मिले नए वैरिएंट से संक्रमित, भारत में अब आंकड़ा पहुंचा 21
x

देश में रविवार को ओमिक्रॉन के एक साथ 17 केस मिले हैं। इनमें राजस्थान में सबसे ज्यादा 9 मरीज हैं। ये सभी एक परिवार के हैं। इनमें से 4 हाल में दक्षिण से लौटे थे। चारों के संपर्क में आए 5 और लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इससे पहले पुणे से सटे जिले पिंपरी चिंचवाड़ में 7 लोगों में नया वैरिएंट मिला था। दिल्ली में भी एक मरीज इससे संक्रमित मिला है। इसके साथ ही देश में इस वैरिएंट के 5 राज्यों में 21 केस हो गए हैं। यह परिवार राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) में भर्ती है। इनमें माता-पिता के साथ दो बच्चे शामिल है। इनके संपर्क में आए परिवार के 5 लोगों में भी ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई थी। इससे पहले महाराष्ट्र में रविवार को ही ओमिक्रॉन के 7 नए मामले मिले थे। पिंपरी चिंचवाड़ जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 7 लोगों के सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग में कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हो गई है। इन सभी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। दिल्ली में भी ओमिक्रॉन के पहले केस का पता चला था। अब देश में नए वैरिएंट के कुल 21 मामले हो गए हैं, जिनमें से 8 अकेले महाराष्ट्र में मिले हैं। महाराष्ट्र में इससे पहले मुंबई में भी डोम्बिवली में एक ओमिक्रॉन संक्रमित मिला था। इसके अलावा बेंगलुरु में 2 और जामनगर में नए वैरिएंट का एक मामला मिल चुका है।

महाराष्ट्र हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक, पिंपरी चिंचवाड़ में ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले 7 लोगों में से 4 अभी विदेश से लौटे थे। इन सभी का टेस्ट कराया गया था, जिसमें ये पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद इनके संपर्क में आने वाले 3 अन्य का भी टेस्ट कराया गया था। ये तीनों भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट रविवार को आई है। इस रिपोर्ट में इन सभी को ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित बताया गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि संक्रमित तंजानिया से आया था। एयरपोर्ट पर जांच के बाद उसके ओमिक्रॉन संक्रमित होने की जानकारी मिली। उसे दिल्ली के LNJP अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। LNJP अस्पताल के एमडी सुरेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती ओमिक्रॉन मरीज के गले में सूजन, थकान और शरीर में दर्द के लक्षण दिख रहे हैं। संक्रमित ने वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए थे, इसलिए उस पर हल्के लक्षण ही नजर आ रहे हैं।

देश में ओमिक्रॉन के पिछले 4 मामले

कर्नाटक: सबसे पहले कर्नाटक में गुरुवार को दो मरीज मिले। इनमें एक विदेशी है, जो नवंबर में भारत आया था।

गुजरात: तीसरा केस गुजरात के जामनगर शहर में मिला है। ओमिक्रॉन से संक्रमित मिला शख्स 28 नवंबर को जिम्बाब्वे से जामनगर आया था।

महाराष्ट्र: भारत में ओमिक्रॉन का चौथा केस शनिवार को महाराष्ट्र में मिला। मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली का रहने वाला यह शख्स साउथ अफ्रीका से लौटा था।

Next Story