भारत

एक सिम के 8 हजार रुपए! दुबई से चल रहे साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
18 Nov 2026 11:55 PM IST
एक सिम के 8 हजार रुपए! दुबई से चल रहे साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार
x
पुलिस के खुलासे से हड़कंप
महाराष्ट्र: पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने दुबई से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के जरिए 10 से 12 हजार एक्टिव सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाए गए थे। एक सिम कार्ड के बदले 7 से 8 हजार रुपए तक दिए जाते थे। मामले में मुख्य आरोपी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के तार चीन से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
दुबई में बैठकर चला रहा था साइबर फ्रॉड का नेटवर्क
मामले की शुरुआत आरोपी तुषार अमराराम चौधरी के खिलाफ दर्ज एफआईआर से हुई। पुलिस ने उसके साथी आदर्श संतोष वाघमारे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सुमंत उर्फ नानू रविंद्र दसरे का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, सुमंत दुबई से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया। इंटरपोल की मदद से निगरानी के बाद मुंबई एयरपोर्ट पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चीन के नागरिक के साथ मिलकर करता था ठगी
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी चीन के एक नागरिक के साथ मिलकर कथित तौर पर साइबर फ्रॉड नेटवर्क चला रहा था। इसके लिए हजारों एक्टिव सिम कार्ड जुटाए जाते थे। इन सिम कार्ड का इस्तेमाल फर्जी कॉल, नकली एप्लिकेशन रजिस्ट्रेशन, बैंक खाते लिंक करने और फर्जी ईमेल आईडी बनाने में किया जाता था।
एक सिम कार्ड के मिलते थे 8 हजार रुपए
जांच में मुंबई के दो डिस्ट्रीब्यूटर मनीष बावधा और महेश कन्हैयालाल चौइथरामानी की भूमिका सामने आई। आरोप है कि दोनों ने सुमंत को करीब 10 से 12 हजार एक्टिव सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। इसके बदले प्रत्येक सिम कार्ड पर 7 से 8 हजार रुपए मिलते थे। पुलिस ने दोनों डिस्ट्रीब्यूटर को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राहकों को कहते थे- सिम एक्टिव नहीं हुआ
पुलिस के अनुसार, सूरज चिकावा और राजा कुमार छतरी लगाकर सिम कार्ड बेचते थे। आरोप है कि ग्राहकों से कहा जाता था कि उनका सिम एक्टिव नहीं हुआ है। इसके बाद उसी सिम कार्ड को डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचा दिया जाता था।
30 बार दुबई यात्रा, सात आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 25 से 30 बार दुबई की यात्रा की थी। कथित तौर पर सिम कार्ड बबल्स प्लास्टिक में लपेटकर विदेश ले जाए जाते थे। यह कार्रवाई डीसीपी रोहिदास पवार और एसीपी रोहिणी बाणकर के मार्गदर्शन में हुई। जांच टीम में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नाले और सहायक पुलिस निरीक्षक प्रवीण स्वामी शामिल थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, विदेशी संपर्कों और साइबर ठगी से हासिल रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।
Next Story