8 लाख भारतीय परिवार है करोड़पति, इस रिपोर्ट में देखें लिस्ट

रायपुर/दिल्ली। देश में करोड़पति परिवारों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है। मर्सिडीज बेंज हुरुन इंडिया वेल्थ रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में देश में करोड़पति परिवारों की संख्या 4.58 लाख थी, जो अब बढ़कर 8.71 लाख हो गई है। हुरुन इंडिया की रिपोर्ट 2025 के अनुसार, भारत में कुल संपत्ति 8.5 करोड़ रुपये या उससे अधिक रखने वाले परिवारों की संख्या अब 8,71,700 है। हालांकि, अभी भारत में करोड़पतियों की संख्या चीन या अमेरिका जैसे देशों से कम है, लेकिन यहां की बढ़ती संख्या भारत के विकास की बड़ी कहानी कहती है। देश के 79% करोड़पति शीर्ष 10 राज्यों में रहते हैं। यह वृद्धि तकनीक, वित्त और उद्योगों में हुई वृद्धि के साथ-साथ मजबूत बाजारों के कारण हुई है।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि आने वाले दस सालों में भारत में करोड़पति परिवारों की संख्या 17 लाख से 20 लाख के बीच पहुंच सकती है। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत में करोड़पति परिवारों का प्रतिशत बढ़कर अब पूरे भारत के परिवारों का 0.31% हो गया है, जो कि 2021 में केवल 0.17% था। रिपोर्ट के अनुसार, करोड़पति परिवारों के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे है। यहां 1.78 लाख से अधिक परिवारों की संपत्ति कम से कम 8.5 करोड़ रुपये है। इसके बाद दिल्ली का नंबर आता है, जहां 79,800 करोड़पति परिवार हैं। तमिलनाडु भी पीछे नहीं है, यहां 72,600 करोड़पति परिवार रहते हैं।
बात करें शहरों की तो मुंबई में 1.42 लाख करोड़पति परिवार रहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में भी करोड़पतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कर्नाटक की राजधानी में लगभग 31,600 करोड़पति परिवार हैं। इसके अलावा अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद, दिल्ली और गुरुग्राम जैसे शहर भी तेजी से उभरते हुए आर्थिक केंद्र बन रहे हैं, जहां करोड़पतियों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। सर्वे 2025 यह भी दर्शाता है कि अमीर भारतीय पैसे और खर्च को किस नजरिए से देखते हैं। वित्तीय आजादी के लिए, 27% लोगों ने ₹50 करोड़ को पर्याप्त बताया, 25% ने 10 करोड़ चुना और 20% ने इसे ₹200 करोड़ बताया। इनमें से लगभग 60% परिवार सालाना एक करोड़ से कम खर्च करते हैं, जिनमें से ज्यादातर पर्यटन, शिक्षा और मनोरंजन पर खर्च होता है।





