भारत

NDA बैठक में 35 दलों के 75 प्रतिनिधि शामिल, विकसित भारत का संकल्प मजबूत: नितिन नवीन

SHIDDHANT
10 Jun 2026 9:27 PM IST
NDA बैठक में 35 दलों के 75 प्रतिनिधि शामिल, विकसित भारत का संकल्प मजबूत: नितिन नवीन
x
Delhi दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन की मजबूती और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह समय देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों का है। उन्होंने बताया कि बैठक में 35 दलों के 75 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और सभी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। नितिन नवीन ने कहा कि देश ने आज एक ऐसा ऐतिहासिक पल देखा है, जिस पर 140 करोड़ देशवासी गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह यात्रा जनभागीदारी के आधार पर मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” आज देश के हर हिस्से में गूंज रहा है और इसी सोच ने विकास को नई दिशा दी है। नितिन नवीन ने दावा किया कि आज देश के लगभग 75 प्रतिशत भू-भाग और 22 से अधिक राज्यों में NDA या उसके सहयोगी दलों की प्रत्यक्ष या परोक्ष सरकारें कार्य कर रही हैं, जिससे गठबंधन की राजनीतिक मजबूती और विस्तार स्पष्ट होता है।
उन्होंने कहा कि NDA की यह एकजुटता केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं बल्कि विकास और स्थिरता का प्रतीक है। बैठक में शामिल सभी दलों ने साझा रूप से यह विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत स्थिति में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।
Next Story