
x
नवदंपतियों को CM ने दिए उपहार
उत्तर प्रदेश। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। शनिवार को वृंदावन पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान बांके बिहारी के त्रिभंगी स्वरूप का जिक्र करते हुए अपना पुराना बयान दोहराया। उन्होंने कहा कि हमारे ठाकुर जी टेढ़े हैं और त्रिभंगी स्वरूप में विराजमान हैं। इससे पहले भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर दिए गए उनके बयान पर विवाद हो चुका है। वृंदावन पहुंचने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए। इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वह अपने प्यारे ठाकुर की नगरी में आए हैं। उन्होंने कहा, "मैं फिर भी कहूंगा, हमारे बांके बिहारी टेढ़े हैं, त्रिभंगी रूप में विराजमान हैं।
दरअसल, इससे पहले एक कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए ठाकुर जी के स्वरूप पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि भगवान कृष्ण तीन जगह से टेढ़े हैं और गर्दन झुकाकर बांसुरी बजाते हैं। इस टिप्पणी पर मथुरा-वृंदावन के कई संतों ने नाराजगी जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान पर माफी मांगी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में कोई अंतर नहीं है। उनका कहना था कि उनकी टिप्पणी प्रेम और विनोद के भाव से की गई थी, लेकिन वीडियो का एक हिस्सा काटकर विवाद खड़ा किया गया।
शनिवार को वृंदावन में उन्होंने एक बार फिर अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन भाव में कोई त्रुटि नहीं है। धीरेंद्र शास्त्री ने ब्रजवासियों से कथित सीजनल भक्तों से सावधान रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह ब्रजवासियों के चरणों में नाक रगड़कर प्रणाम करते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने बिना किसी राजनीतिक दल का नाम लिए विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सनातनी नहीं, बल्कि तनातनी बने हुए हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन परंपराओं की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू और सनातनी एकजुट नहीं होंगे तो मंदिरों और देवालयों की रक्षा कैसे होगी। उन्होंने राघव और माधव को एक बताते हुए अपने विरोधियों को मथुरा-वृंदावन आने की चुनौती भी दी। फिलहाल उनके ताजा बयान के बाद पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है।
Next Story





