भारत
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में 72 इमारतें रहेंगी सील, यातायात पर भी लगेगा प्रतिबंध
jantaserishta.com
18 Jan 2023 10:10 AM IST

x
फाइल फोटो (सोशल मीडिया)
नई दिल्ली (आईएएनएस)| राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी बीच सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी को लेकर दिल्ली पुलिस कर्तव्य पथ के आसपास की इमारतों में एंटी-साबोटाज चेक्स कर रही है। गृह मंत्रालय की तरफ से गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इन दिशा निर्देशों के मुताबिक गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ के आसपास की 72 इमारतें सील की जाएंगी। गृह मंत्रालय ने बताया कि 23 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी जिसके लिए कर्तव्य पथ के आस पास की इमारतों को 22 जनवरी शाम 6:30 बजे से लेकर 23 जनवरी दोपहर 1 बजे तक बंद कर दिया जाएगा। वहीं 26 जनवरी के दिन परेड के लिए इन सभी इमारतों को 25 जनवरी दोपहर 1 बजे से 26 जनवरी दोपहर 1 बजे तक सील किया जाएगा।
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार गणतंत्र दिवस की तैयारियों के चलते वायु भवन, कश्मीर हाउस, सेना भवन, उद्योग भवन, निर्माण भवन, नेशनल म्यूजियम, विज्ञान भवन, विदेश मंत्रालय, डीआरडीओ भवन, साउथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक, रेल भवन, संचार भवन, कृषि भवन, शास्त्री भवन समेत 72 इमारतों को एंटी-साबोटाज चेक्स के बाद सील किया जाएगा।
वहीं 26 जनवरी के दिन एट होम फंक्शन के लिए 20 इमारतों को शाम 7:30 बजे तक बंद रखा जाएगा। इसके अलावा 29 जनवरी को बीटिंग र्रिटीट सेरेमनी के लिए 32 इमारतों को दोपहर 12 बजे से शाम 7:30 बजे तक एंटी-साबोटाज चेक्स के बाद सील कर दिया जाएगा। इनमें रेड क्रॉस बिल्डिंग, एनडीएमसी टावर, रक्षा भवन, नेशनल स्टेडियम, कोस्ट गार्ड मुख्यालय और नेशनल आर्काइव्स शामिल हैं।
गृह मंत्रालय ने कहा कि 28 जनवरी को बीटिंग र्रिटीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के दिन दिल्ली की 8 इमारतों को शाम 4:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक बंद रखा जाएगा। इनमें सेना भवन, वायु भवन, डीआरडीओ भवन, साउथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक और रेल भवन शामिल हैं। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी दिशा निर्देशों में कहा गया है कि 17 जनवरी से 29 जनवरी तक गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के दौरान विजय चौक, कर्तव्य पथ, जनपथ और मान सिंह रोड यातायात के लिए बंद रहेंगे। यह प्रतिबंध केवल रिहर्सल की अवधि के दौरान लागू रहेंगे।
वहीं बीटिंग र्रिटीट सेरेमनी की रिहर्सल के चलते 27, 28 जनवरी के दिन दोपहर 3:30 बजे के बाद नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक के बाहर गाड़ियों की पार्किंग की इजाजत नहीं होगी। 29 जनवरी के दिन भी यहां पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





