भारत
गैंगस्टर्स से खौफजदा 600 कारोबारी, एक साथ आर्म्स लाइसेंस का डालेंगे आवेदन
jantaserishta.com
26 Aug 2023 3:23 PM IST

x
गैंगस्टर्स और अपराधियों के थ्रेट कॉल, फायरिंग, बमबारी की घटनाओं से परेशान 600 कारोबारियों ने सामूहिक रूप से आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन करने का फैसला किया है।
धनबाद: गैंगस्टर्स और अपराधियों के थ्रेट कॉल, फायरिंग, बमबारी की घटनाओं से परेशान धनबाद के 600 कारोबारियों ने सामूहिक रूप से आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन करने का फैसला किया है। कारोबारियों का कहना है कि जब पुलिस सुरक्षा नहीं दे सकती तो उन्हें आत्मरक्षा के लिए हथियार का लाइसेंस ही दे दिया जाए। व्यावसायिक संगठनों का आह्वान पर लोग आर्म्स लाइसेंस के लिए फार्म भर रहे हैं। ये फॉर्म जिला प्रशासन के पास एक साथ जमा किए जाएंगे।
जिला पुलिस ने पिछले दो महीनों के भीतर धनबाद में रंगदारी वसूलने वाल प्रिंस खान, अमन सिंह सहित अन्य गिरोहों के तकरीबन डेढ़ दर्जन गुर्गों को गिरफ्तार किया है, लेकिन, इसके बाद भी थ्रेट कॉल और फायरिंग का सिलसिला थम नहीं रहा। अब गैंगस्टर थ्रेट कॉल के लिए इंटरनेट ऐप और तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे विदेशी नंबरों से कॉल कर कारोबारियों से रंगदारी मांग रहे हैं।
धनबाद पुलिस तकनीकी रूप से इतनी सक्षम नहीं है कि इससे निपट सके। पुलिस ने मामले में राज्य सरकार, पुलिस मुख्यालय और साइबर सेल से पत्राचार कर मदद की गुहार लगाई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ अपराधी तो जेल में रहते हुए विदेशी नंबरों से यहां के व्यापारियों को कॉल कर धमका रहे हैं। साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को पक्की सूचना है कि धनबाद जेल में 11 मोबाइल नंबर एक्टिव हैं। इनमें 4 मोबाइल का इस्तेमाल भयादोहन एवं रंगदारी के लिए किया जा रहा है।
इन नंबरों से जेल के बाहर फोन, मैसेज और व्हाट्सएप कॉलिंग की जा रही है। धनबाद पुलिस ने इस पर रोक के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखा है। धनबाद शहर में चर्चा है कि प्रिंस खान के रंगदारी के धंधे को उसका भाई गोपी खान आगे बढ़ा रहा है। गोपी खान इन दिनों धनबाद जेल में बंद है। पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान पर शिकंजा कसने के बाद उसका दहशत बरकरार रखने के लिए गोपी खान व्यवसायियों को धमका रहा है।
गोपी खान जेल में बंद है और अंदर से ही वह कॉल कर रहा है। वह इस तरह की कॉल के लिए इंटरनेट ऐप का इस्तेमाल कर रहा है। इसक जरिए वह व्यवसायियों का भयादोहन कर पैसे मांग रहा है। पुलिस के पास इन नंबरों को ट्रेस करने की कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण पुलिस ने मुख्यालय को पत्र लिख कर मदद मांगी है। बताया जा रहा है कि ये शातिर अपराधी फर्जी नाम से मोबाइल सिम खरीद रहे हैं। इसके बाद अपराधी सिम के जरिए इंटरनेट से कॉलिंग ऐप खरीदकर उससे फोन कर रहे हैं।
ऐप से फोन करने पर विदेशी फोन के नंबर का कोड +1(519) होता है। धनबाद में इस कोड से कई व्यवसायियों के पास फोन आए हैं। इंटरनेट पर यह कोड नॉर्थ अमेरिका का बताता है। इससे पुलिस कन्फ्यूज हो रही है। झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक जल्द ही कुछ तकनीकी अधिकारी धनबाद पहुंचने वाले हैं, जो पुलिस और साइबर सेल की मदद करेंगे।
Tagsकारोबारीगैंगस्टर्सधनबादधनबाद पुलिसआर्म्स लाइसेंसBusinessmenGangstersDhanbadDhanbad PoliceArms License
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





