भारत

6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, PM मोदी की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप

Nilmani Pal
25 May 2026 7:34 AM IST
6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, PM मोदी की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप
x
बड़ी खबर

कर्नाटक। बेंगलुरु दक्षिण (रामनगर) में 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. यह कार्रवाई 10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर दौरे के दौरान बेंगलुरु के बाहरी इलाके में जिलेटिन की छड़ें मिलने की घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर की गई है. जांच पूरी होने तक इन पुलिसकर्मियों को निलंबित रखा जाएगा.

एजेंसी के मुताबिक, बेंगलुरु दक्षिण (रामनगर) के पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि इस घटना का पता प्रधानमंत्री के दौरे की सुबह तब चला, जब उनके आगमन से पहले सुरक्षा जांच की जा रही थी. बेंगलुरु के केंद्रीय रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) ने बताया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले, जांच के दौरान, फुटपाथ के किनारे दो जिलेटिन की छड़ें मिलीं. यह मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर था, जहां प्रधानमंत्री मोदी को पहुंचना था. मामले में आगे की जांच जारी है."

कर्नाटक बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने 10 मई को प्रधानमंत्री के निर्धारित मार्ग पर जिलेटिन की छड़ें मिलने पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने इसे एक गंभीर सुरक्षा चूक और राज्य की कांग्रेस सरकार की बड़ी विफलता करार दिया. उन्होंने 10 मई को 'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, "कांग्रेस सरकार के शासन में राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पूरी तरह से चरमरा गई है."

उन्होंने आगे कहा, "देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मामले में जरा सी भी चूक नहीं होनी चाहिए. उन्हें हर हाल में अधिकतम सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए. राज्य सरकार को इस तरह के संवेदनशील और गंभीर मामले को पूरी गंभीरता से लेना चाहिए, तत्काल गहन जांच करानी चाहिए."


Next Story