भारत

बोलेरो सवार 6 लोगों की मौत, बस से हुई टक्कर

Nilmani Pal
19 April 2022 12:39 AM GMT
बोलेरो सवार 6 लोगों की मौत, बस से हुई टक्कर
x
बड़ा हादसा

यूपी। देवरिया में देर रात गौरी बाजार में रोडवेज की अनुबंधित बस और बोलेरो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और बस भी सड़क पर पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार 5 और एक बस सवार की मौत हुई है। जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें दो की हालत नाजुक बताई गई है। बस गोरखपुर से यात्रियों को लेकर देवरिया आ रही थी। जबकि बोलेरो सवार तिलक समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।

यह हादसा गौरी बाजार थाना क्षेत्र में इन्दूपुर कालिका मंदिर के सामने हुआ है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।पुलिस राहत-बचाव के काम में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर दुख जताया है। कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव के रविंद्र तिवारी की बेटी की तिलक रुद्रपुर के रैश्री गांव में इंद्रदेव दूबे के घर आई थी। तिलक चढ़ाने के बाद सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। लेकिन रात 10 बजे के आसपास गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर काली मंदिर के पास तेज रफ्तार आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस से टक्कर हो गई। इसके बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बस भी सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गैस कटर मंगाकर बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला है। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

हादसे में मृतकों की शिनाख्त बोलेरो सवार कोहड़ा मठिया निवासी राम प्रकाश सिंह (65), वशिष्ट सिंह (45) पुत्र फौजदार, जोगन सिंह (60) पुत्र सत्यनारायण सिंह, अंकुर पांडे (42), रामानंद मौर्य और बस सवार रामानंद मौर्य निवासी कारखाना के रुप में हुई है। एसपी डॉक्टर श्रीपति मिश्र ने 6 मौतों की पुष्टि की है। डीएम और एसपी ने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है।


Next Story