भारत

मकान ढहने 6 लोगों की मौत, भारी बारिश के चलते हुआ हादसा

Admin2
1 Aug 2021 2:04 PM GMT
मकान ढहने 6 लोगों की मौत, भारी बारिश के चलते हुआ हादसा
x
BREAKING

भारी बारिश के चलते मकान ढह जाने से मध्य प्रदेश के रीवा और सिंगरौली जिले में छह लोगों की मौत हो गई। रविवार को हुई इस घटना में चार लोगों के घायल होने की भी खबर है। समाचार एजेंसी भाषा ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मृत लोगों के प्रति सहानुभूति जताई है। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह रीवा में तेज बारिश के चलते मिट‌्टी से बना घर ढह गया। हादसे में एक 35 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 60 वर्षीय मां, 7 और 8 साल की दो बेटियों ने जान गंवा दी। एक अन्य बच्ची भी हादसे में घायल हो गई और उसे गांगेव अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। रीवा के कलेक्टर इलैयाराजा टी ने बताया कि यह घटना गढ़ पुलिस थानाक्षेत्र के घुचियार बहेरा गांव में हुई। यह गांव जिला मुख्यालय से करीब 50 किमी दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गांव तक ढंग की सड़क न होने के चलते प्रशासन की टीम मौके पर समय रहते पहुंच नहीं पाई थी। डीएम ने बताया कि मांगवा के एसडीएम केपी पांडेय राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे थे।

वहीं पड़ोस के सिंगरौली जिले में एक दस वर्षीय लड़का और उसकी तीन वर्षीय बहन की जान घर गिर जाने से चली गई। यह हादसा विंध्य नगर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले सैलो एरिया में हुआ। यहां पर भी मिट्टी का घर तेज बारिश को बहुत देर तक झेल नहीं पाया और जमींदोज हो गया। यह घटना रात के एक बजे हुई। स्थानीय थाने के पुलिस इंचार्ज अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि बच्चों के माता-पिता और एक अन्य छोटी बहन का इलाज चल रहा है।

Next Story