भारत

6 महीने की गर्भवती प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, प्रेमी विजय सोलंकी गिरफ्तार

SHIDDHANT
23 Nov 2026 11:02 PM IST
6 महीने की गर्भवती प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, प्रेमी विजय सोलंकी गिरफ्तार
x
प्रेग्नेंसी को लेकर विवाद
बनासकांठा। गुजरात के बनासकांठा जिले में 19 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी विजय सोलंकी को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतका सपना छह महीने की गर्भवती थी और उसकी मौत गला घोंटने से हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को केसरपुरा गांव की सीमा में सपना का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में युवती के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले थे। इसके चलते मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने हडाद थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। रिपोर्ट में सपना के छह महीने की गर्भवती होने और गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 92 के तहत हत्या और गर्भस्थ शिशु की मौत से संबंधित मामला दर्ज किया।
पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली। जांच में केसरपुरा निवासी 20 वर्षीय विजय सोलंकी की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, सपना और विजय के बीच प्रेम संबंध था। इसी दौरान सपना गर्भवती हो गई थी। गर्भावस्था को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद के दौरान विजय ने गुस्से में सपना का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
Next Story