भारत
पुलिस के साथ दो मुठभेड़ों में 50 हजार के ईनामी समेत 6 गिरफ्तार
Shantanu Roy
22 Jan 2023 4:50 PM GMT

x
बड़ी खबर
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा के सुरीर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड में 50 हजार के ईनामी बदमाश और उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।यह जानकारी देते हुए एसपी देहात त्रिगुण बिशेन ने आज बताया कि मुखबिर की सूचना पर यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार की रात सुरीर थाने की पुलिस और एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश को उसके चार अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में ईनामी शातिर बदमाश अमरोहा निवासी बग्गा उर्फ मुन्ना और अमरोहा ही निवासी उसके चार साथी कादिर, इकबाल उर्फ जावा, करीम खां उर्फ सोहेल एवं कलीम उर्फ मास को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में ईनामी अपराधी बग्गा के पैर में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के पास से तीन तमंचा 315 बोर व चार जिन्दा तथा दो खोखा कारतूस, और दो चाकू बरामद हुए हैं। यह सभी लूट,डकैती एवं अवैध शस्त्र रखने के अभ्यस्त अपराधी हैं। ईनामी अभियुक्त बग्गा पर डकैती, गैंगेस्टर एक्ट, चोरी आदि से संबंधित 14 मुकदमें जौनपुर, लखनऊ , फतेहपुर, अम्बेडकरनगर , इलाहाबाद आदि में दर्ज हैं। अभियुक्तों के अपराधिक इतिहास की और जानकारी ली जा रही है। एसपी देहात के अनुसार शनिवार की रात ही एक अन्य घटना में जयगुरूदेव आश्रम के पास थाना हाईवे एवं एसओजी की संयुक्त चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद महाबन थाना क्षेत्र निवासी अभियुक्त नरेश को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है तथा उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बताये गये मार्ग पर चेकिंग शुरू की थी। उन्होंने बताया कि अभियुक्त के ऊपर हत्या, लूट, चोरी , वाहन चोरी आदि के आठ मुकदमें दिल्ली, हाथरस और मथुरा में दर्ज हैं तथा वह हाल में ही दिल्ली से 9 साल की सजा काट कर आया है।
Next Story