भारत

मकान बेचने का झांसा देकर लूटे 50 लाख, FIR दर्ज

Rani Sahu
11 Jan 2022 12:10 PM GMT
मकान बेचने का झांसा देकर लूटे 50 लाख, FIR दर्ज
x
लखनऊ के गोमतीनगर में बने मकान पर मालिकाना हक जताते हुए ठगों ने एक व्यक्ति से 50 लाख में मकान का सौदा कर लिया

लखनऊ के गोमतीनगर में बने मकान पर मालिकाना हक जताते हुए ठगों ने एक व्यक्ति से 50 लाख में मकान का सौदा कर लिया। जालसाजों ने फर्जी कागज के सहारे मकान की रजिस्ट्री तक कर दी। इसके बाद खरीदार मकान में शिफ्ट होने के लिए पहुंचा तो पड़ोसियों से मकान दूसरे व्यक्ति के नाम पर होने का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

ऐशबाग नवाबगंज निवासी सुधीर चंद्र मिश्रा के मुताबिक वह मकान खरीदने के लिए कई लोगों से सम्पर्क कर रहे थे। इस बीच उन्हें गोमतीनगर विनम्रखंड में बने मकान के बारे में जानकारी मिली। छानबीन करने पर पता चला कि यह मकान छोटा भरवारा निवासी उमरावती कुशवाहा का है। उन्होंने महिला से सम्पर्क किया था। इस दौरान उमरावती का पति उमेश कुशवाहा, बेटा और बेटियां भी मौजूद थीं। बातचीत के बाद मकान की कीमत 50 लाख रुपये में तय हुई थी। उमरावती का कहना था कि पूरी रकम मिलने के बाद ही वह रजिस्ट्री करेगी।
ऐसे में सुधीर ने उमरावती और उमेश के बताए खातों में 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। खाते में रकम जमा होने के बाद आरोपियों ने रजिस्ट्री कर दी थी। सुधीर परिवार संग मकान में शिफ्ट होने का मन बना रहे थे। इसलिए मकान में कुछ निर्माण शुरू कराया था। इस दौरान ही उन्हें पड़ोसियों ने बताया कि यह मकान उमरावती का नहीं है। उनकी बात सुन कर पहले तो सुधीर को विश्वास नहीं हुआ। पूछताछ करने जानकारी मिली कि उमरावती ने जाली कागज तैयार कर मकान बेचा है। इसके बाद वजीरगंज कोतवाली में सुधीर ने उमरावती, उसके पति उमेश, बेटे और दो बेटियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है।


Next Story