भारत
5 नक्सली कमांडरों ने हथियार डाले, किसी पर 10 तो किसी पर 5 लाख का था इनाम
jantaserishta.com
8 May 2023 8:27 PM IST

x
दो एके-56, एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, चार मार्क-2 राइफल, 41 मैगजीन, 1856 कारतूस, 16 वायरलेस सेट और आईईडी बनाने की सामग्री पुलिस को सौंपी है।
रांची (आईएएनएस)| दस लाख के इनामी माओवादी नक्सली अमरजीत यादव उर्फ टिंगू सहित पांच बड़े नक्सलियों ने सोमवार को रांची में झारखंड पुलिस के समक्ष हथियारों के जखीरे के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। नक्सलियों ने दो एके-56, एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, चार मार्क-2 राइफल, 41 मैगजीन, 1856 कारतूस, 16 वायरलेस सेट और आईईडी बनाने की सामग्री पुलिस को सौंपी है।
10 लाख का इनामी अमरजीत बिहार के गया जिला अंतर्गत बाराचट्टी का रहने वाला है। उसके खिलाफ झारखंड के अलावा बिहार में दर्जनों वारदात दर्ज हैं। माओवादी संगठन में उसका ओहदा जोनल कमांडर का था। अमरजीत के अलावा जिन नक्सलियों ने हथियार डाले, उनमें पांच लाख का इनामी सब जोनल कमांडर चतरा जिले का राजपुर निवासी सहदेव यादव उर्फ लटन, गया जिले का बाराचट्टी निवासी सब-जोनल कमांडर नीरू यादव उर्फ सलीम और चतरा के कुंदा का रहने वाले अशोक बैगा उर्फ अशोक परहिया शामिल है।
नक्सलियों के सरेंडर के मौके पर झारखंड पुलिस के आईजी अभियान ए.वी. होमकर, हजारीबाग के डीआईजी नरेंद्र सिंह, चतरा एसपी राकेश रंजन और सीआरपीएफ के कई बड़े अफसर मौजूद रहे। अधिकारियों ने दावा किया झारखंड में नक्सली संगठनों का अब लगभग खात्मा हो चला है। ज्यादातर बड़े नक्सलियों ने या तो सरेंडर कर दिया है या मारे गए हैं या गिरफ्तार कर लिए गए हैं। रविवार देर रात को लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र की पुलिस ने दो लाख के इनामी माओवादी काजेश गंझू को देसी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सली हथियार डाल रहे हैं। पिछले हफ्ते भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के झारखंड में रीजनल कमेटी मेंबर और 15 लाख के इनामी नक्सली इंदल गंझू ने भी सरेंडर किया था। इंदल गंझू पर चतरा, हजारीबाग, पलामू के साथ बिहार के गया और औरंगाबाद में 145 मामले दर्ज थे।
इससे पहले, चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में तीन अप्रैल को पुलिस की टीम ने पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। मारे जाने वाले नक्सलियों में 25 लाख के दो इनामी नक्सली गौतम पासवान और चार्लीस उरांव शामिल थे। दोनों ही माओवादी संगठन की स्पेशल एरिया कमेटी के सदस्य (सैक) थे। इनके अलावा पांच लाख के तीन इनामी नक्सली नंदू, अमर गंझू और संजीत उर्फ सुजीत गुड़िया भी मारे गए थे।
Tagsझारखंडझारखंड न्यूज़झारखंड पुलिसनक्सली कमांडरJharkhandJharkhand NewsJharkhand PoliceNaxalite Commander
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





