भारत

माफिया बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी पर अब 5 लाख का इनाम घोषित

Nilmani Pal
26 May 2023 1:51 AM GMT
माफिया बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी पर अब 5 लाख का इनाम घोषित
x

यूपी। योगी सरकार ने मेरठ के माफिया बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश जारी किया। डीजीपी डॉ. आरके विश्वकर्मा ने इसी महीने आठ मई को बद्दो की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि 2.50 लाख से पांच लाख रुपये किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। बद्दो का नाम प्रदेश स्तर पर चिह्नित किए गए 66 माफिया की सूची में भी शामिल है। इस सूची में फिलहाल 64 माफिया ही बचे हैं। बद्दो मेरठ जिले के टीपीनगर थाना क्षेत्र स्थित बेरीपुरा गांव का रहने वाला है। वह 28 मार्च 2019 से फरार है।

शासनादेश में कहा गया है कि बद्दो के लगातार फरार रहने तथा किसी भी प्रकार की जघन्य घटना को अंजाम देने की संभावना को देखते हुए उसे गिरफ्तार करने या गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले अराजपत्रित पुलिस कर्मियों, ग्राम चौकीदारों और जनता के व्यक्तियों को अब 2.5 लाख के स्थान पर पांच लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।

पश्चिमी यूपी में आतंक का पर्याय बद्दो पर 40 से ज्यादा मुकदमे हैं। वह विलासितापूर्ण रहन-सहन के लिए भी जाना जाता है। वर्ष 1996 में एक वकील की हत्या के आरोप में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी।

फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से गाजियाबाद में कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय वह सुरक्षा में लगे छह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकने के बाद उसने पुलिस वालों को शराब पिला दी। इसके बाद लग्जरी कार से साथियों के साथ फरार हो गया था।


Next Story